विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने, हिम्मत है तो बहस कीजिए!
नई दिल्ली। देश की राजनीति में इन दिनों आरोपों और प्रत्यारोपों का एक नया अध्याय खुलता दिखाई दे रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ऐसा गंभीर राजनीतिक हमला बोला है, जिसने सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच पहले से जारी तल्खी को और बढ़ा दिया है। राहुल गांधी ने दावा किया है कि नरेंद्र मोदी विदेशी ताकतों की मदद से प्रधानमंत्री बने और आज भी सत्ता में बने रहने के लिए उन्हें विदेशी समर्थन हासिल है। इतना ही नहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री को इन आरोपों पर सार्वजनिक मंच से खुली बहस करने की चुनौती भी दे दी है।राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा कि देश से झूठ बोलना बंद कीजिए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की वित्तीय व्यवस्था से लेकर विदेशी सोशल मीडिया तक प्रधानमंत्री को बाहरी समर्थन मिल रहा है। राहुल ने कहा कि वह प्रधानमंत्री के बारे में बहुत कुछ जानते हैं और यही वजह है कि मोदी उनसे बहस करने से बचते हैं।राहुल गांधी ने चुनौती देते हुए कहा कि बहस के लिए कोई भी मंच और कोई भी समय तय कर लिया जाए। यदि प्रधानमंत्री में हिम्मत है तो उन्हें सामने आना चाहिए। उनके इस बयान को कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री पर सीधे राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
दरअसल, इस राजनीतिक विवाद की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे के दौरान हुई थी। राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर देश के विकास में बाधा डालने और विदेशी ताकतों के समर्थन से भारत को कमजोर करने के आरोप लगाए थे।प्रधानमंत्री ने बिना नाम लिए राहुल गांधी की विदेश यात्राओं और कथित मुलाकातों पर भी सवाल उठाए थे। भाजपा की ओर से पहले भी राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों और देश विरोधी तत्वों के साथ खड़े होने के आरोप लगाए जाते रहे हैं। अब राहुल गांधी ने उसी राजनीतिक हमले का जवाब प्रधानमंत्री पर विदेशी मदद से सत्ता हासिल करने और बनाए रखने का आरोप लगाकर दिया है।
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

