केंद्र सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) को लेकर नए नियम लागू कर दिए हैं। BS-6 मानक वाले निजी वाहनों के मालिकों को अब बार-बार PUC बनवाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। नए प्रावधानों के तहत कार, बाइक और स्कूटर जैसे निजी वाहनों को पंजीकरण के शुरुआती छह वर्षों तक हर तीन साल में केवल एक बार PUC प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना होगा। नए नियम 19 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गए हैं।सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस संबंध में केंद्रीय मोटर यान नियम, 1989 में संशोधन करते हुए गजट अधिसूचना जारी की है। नए प्रावधानों में वाहनों के उत्सर्जन मानक, उम्र और परिवहन अथवा गैर-परिवहन श्रेणी के आधार पर PUC की वैधता निर्धारित की गई है।नई व्यवस्था के मुताबिक, गैर-परिवहन श्रेणी के BS-6 वाहनों को पंजीकरण के पहले छह वर्षों तक हर तीन साल में PUC प्रमाणपत्र रिन्यू कराना होगा। इसके बाद छह से दस साल पुराने वाहनों के लिए हर साल नवीनीकरण अनिवार्य होगा। वहीं, दस साल से अधिक पुराने वाहनों को प्रत्येक छह महीने में नया PUC प्रमाणपत्र बनवाना होगा।
BS-6 मानक वाले परिवहन यानी कमर्शियल वाहनों के लिए नियम कुछ अलग रखे गए हैं। इन वाहनों को पंजीकरण के शुरुआती छह वर्षों तक हर दो साल में PUC रिन्यू कराना होगा। छह से दस साल की उम्र वाले वाहनों के लिए यह अवधि घटकर एक साल होगी। दस साल से अधिक पुराने कमर्शियल वाहनों को हर छह महीने में प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना होगा।सरकार ने BS-1, BS-2 और BS-3 मानकों वाले वाहनों के लिए हर तीन महीने में PUC प्रमाणपत्र रिन्यू कराना अनिवार्य रखा है। वहीं, BS-4 मानक वाले वाहनों के लिए PUC प्रमाणपत्र की वैधता छह महीने निर्धारित की गई है।
पहले से बने PUC प्रमाणपत्र भी रहेंगे मान्य
नए नियम लागू होने के बावजूद पहले से जारी PUC प्रमाणपत्रों की वैधता प्रभावित नहीं होगी। जिन वाहन मालिकों ने नए नियम लागू होने से पहले प्रमाणपत्र बनवा लिया है, उनका PUC पहले से निर्धारित समाप्ति तिथि तक वैध रहेगा।सरकार के इस फैसले से BS-6 निजी वाहन मालिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, वाहन की उम्र और श्रेणी के अनुसार PUC नवीनीकरण की समय-सीमा का ध्यान रखना अब भी जरूरी होगा।
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

