गढ़ाकोटा में आरोपियों की गिरफ्तारी और बुलडोजर कार्रवाई की मांग, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त
दमोह/गढ़ाकोटा। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक युवक की हत्या के बाद आक्रोश फैल गया। पथरिया थाना क्षेत्र के सैमरा बुजुर्ग गांव के पास रविवार शाम 35 वर्षीय परम उर्फ रिक्कू यादव पर कथित तौर पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल परम की मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को गढ़ाकोटा बस स्टैंड के पास शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।परिजनों के मुताबिक, गढ़ाकोटा निवासी परम यादव बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने रास्ते में उसकी बाइक के सामने कार अड़ा दी, जिससे वह गिर गया। इसके बाद उस पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।परम के भाई ने 108 एंबुलेंस की मदद से उसे पथरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर दमोह के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली।
गिरफ्तारी और बुलडोजर कार्रवाई की मांग
युवक की मौत के बाद सोमवार को परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने गढ़ाकोटा बस स्टैंड के पास सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके मकानों पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की जाए।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ।
गोपाल भार्गव के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री एवं रहली विधायक गोपाल भार्गव मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। भार्गव ने आरोपियों के कथित अवैध अतिक्रमण की जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई की बात कही।इसके बाद परिजन चक्काजाम समाप्त करने पर सहमत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हो गए।इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल परिजनों की प्रमुख मांग आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद।

