हर विधानसभा में तैनात किए सेवा दूत; 25 दिन तक जनता की नब्ज टटोलेंगे
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव भले ही 2028 में होने हैं, लेकिन भाजपा ने अभी से चुनावी जमीन तैयार करना शुरू कर दिया है। पार्टी ने प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर सेवा दूत तैनात कर एक व्यापक फीडबैक अभियान शुरू करने की रणनीति बनाई है। इस अभियान के जरिए भाजपा न केवल सरकार के कामकाज का आकलन करेगी, बल्कि जनता के बीच पार्टी और संगठन की स्थिति भी समझेगी। इस जिम्मेदारी के लिए मौजूदा विधायकों के साथ पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व जिला अध्यक्ष और निगम-मंडल-बोर्ड के अध्यक्ष व उपाध्यक्षों को चुना गया है। ये सभी सेवा दूत 1 से 25 दिसंबर तक अपनी निर्धारित विधानसभा में रहेंगे और लगातार स्थानीय स्तर पर संपर्क कर रिपोर्ट तैयार करेंगे।
भाजपा ने इस अभियान के लिए बाकायदा 25 दिन का डेली कैलेंडर तैयार किया है। इसमें सेवा दूतों के लिए प्रतिदिन की गतिविधियां और जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर उन्हें अपनी आवंटित विधानसभा से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। यानी पूरे अभियान के दौरान उनका फोकस अपने क्षेत्र की राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक स्थिति को समझने पर रहेगा। इस अभियान का उद्देश्य केवल केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना नहीं है। भाजपा यह भी जानना चाहती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तव में पात्र लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। लाभार्थी सरकार की योजनाओं से संतुष्ट हैं अथवा उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सेवा दूत स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन, लोगों के अनुभव और उनसे जुड़े सकारात्मक व नकारात्मक पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी।
तीन मोर्चों पर तैयार होगी रिपोर्ट
भाजपा के इस अभियान में मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर फीडबैक लिया जाएगा।
पहला- राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति: विधानसभा क्षेत्र में मौजूदा राजनीतिक समीकरण क्या हैं, सामाजिक परिस्थितियां कैसी हैं और पार्टी संगठन की सक्रियता कितनी है। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भूमिका का भी आकलन किया जाएगा।
दूसरा- सरकारी योजनाओं का असर: केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक कितना पहुंचा है, लाभार्थी कितने संतुष्ट हैं और योजनाओं के क्रियान्वयन में कहां कमियां रह गई हैं। इस पर विशेष जानकारी जुटाई जाएगी।
तीसरा- जनता का मूड और स्थानीय मुद्दे: क्षेत्र में जनता के बीच सरकार और संगठन को लेकर क्या धारणा है, कौन-से राजनीतिक मुद्दे चर्चा में हैं और लोगों की प्रमुख समस्याएं क्या हैं। इन सवालों के जवाब भी फीडबैक रिपोर्ट का हिस्सा होंगे।
सेवा दूतों के जरिए भाजपा यह समझने की कोशिश करेगी कि सरकार की उपलब्धियों और संगठन के दावों की जमीनी तस्वीर कितनी अलग या समान है। लाभार्थियों की कहानियों और उनके अनुभवों को भी संकलित किया जाएगा, ताकि योजनाओं के वास्तविक प्रभाव का आकलन किया जा सके।कुल मिलाकर, विधानसभा चुनाव से करीब दो साल पहले शुरू किया जा रहा यह अभियान भाजपा की चुनावी रणनीति का शुरुआती हिस्सा माना जा रहा है। इसके जरिए पार्टी समय रहते उन क्षेत्रों, मुद्दों और कमियों की पहचान करना चाहती है, जिन पर चुनाव से पहले काम करने की जरूरत हो सकती है।
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

