103 दिन बाद संसद के विशेष सत्र, महिला आरक्षण और परिसीमन पर दांव

103 दिन बाद संसद के विशेष सत्र, महिला आरक्षण और परिसीमन पर दांव

केंद्र सरकार ने आखिरकार संसद का विशेष सत्र बुलाने का फैसला कर लिया है। मानसून सत्र के अनिश्चितकालीन स्थगन के 104वें दिन सरकार ने गुरुवार, 26 नवंबर को इसकी घोषणा की। विशेष सत्र की शुरुआत 30 नवंबर से होगी। पहले दिन लोकसभा की कार्यवाही होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों का कामकाज तीन दिसंबर तक चलने की संभावना है।संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा के सभापति से संसद की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। इस साल यह दूसरी बार है, जब केंद्र सरकार विशेष सत्र आयोजित करने जा रही है।

विशेष सत्र को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा महिला आरक्षण कानून यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों की है। माना जा रहा है कि सरकार इन मुद्दों पर तीन विधेयक पेश कर सकती है। इसके बाद चर्चा कराकर इन्हें पारित कराने की कोशिश होगी। हालांकि, संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। इसके लिए लोकसभा में 360 और राज्यसभा में 161 सांसदों का समर्थन चाहिए। मौजूदा संख्या बल के हिसाब से सरकार को लोकसभा में करीब 40 और राज्यसभा में 11 सांसदों के समर्थन की जरूरत है। बताया जा रहा है कि डीएमके और शरद पवार की एनसीपी के समर्थन के जरिए सरकार इस कमी को पूरा करने की कोशिश में है।

पिछली बार बहुमत के अभाव में अटक गया था विधेयक

इससे पहले 16 से 18 अक्टूबर तक संसद का विशेष सत्र आयोजित किया गया था। उस दौरान सरकार ने तीन विधेयक पेश किए थे। इनमें नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन के लिए लाया गया 131वां संविधान संशोधन विधेयक भी शामिल था। लेकिन जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो पाया। इसके बाद सरकार ने परिसीमन से संबंधित दोनों विधेयक भी वापस ले लिए थे।अब एक बार फिर सरकार इन्हीं मुद्दों को लेकर संसद में लौट रही है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि इस बार सरकार ने संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी समर्थन जुटाने की रणनीति तैयार कर ली है। हालांकि, विशेष सत्र का आधिकारिक एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।

इस पूरे घटनाक्रम का एक अहम पहलू संसद के मानसून सत्र का असामान्य रूप से लंबा चलना भी है। मानसून सत्र के दौरान 13 अगस्त को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। इसके बावजूद सत्र का औपचारिक समापन नहीं किया गया। करीब साढ़े तीन महीने तक संसद का सत्र तकनीकी रूप से जारी रहा। बुधवार रात तक भी इसके औपचारिक समापन की घोषणा नहीं हुई थी। इसके बाद गुरुवार को विशेष सत्र बुलाने का ऐलान कर दिया गया। इस मामले में केंद्र सरकार ने 2008 का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है। उस समय संसद का एक सत्र 87 दिनों तक बिना औपचारिक समापन के चला था। अब 103 दिनों से अधिक समय तक मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं होने के कारण यह अवधि नया रिकॉर्ड बन गई है।

https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

https://www.instagram.com/bharatbhvh_news/

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *