राहुल गांधी का भाजपा-RSS पर तीखा हमला असभ्य, लालची, जातिवादी बताया

राहुल गांधी का भाजपा-RSS पर तीखा हमला असभ्य, लालची, जातिवादी बताया

 अर्धनारीश्वर की तस्वीर के जरिए दिया वैचारिक संदेश

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के खिलाफ अपनी राजनीतिक और वैचारिक लड़ाई को एक नया मोड़ दे दिया है। मां सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह में अपने माता-पिता के रिश्ते को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा नेताओं की आलोचना के बाद अब राहुल गांधी ने पलटवार किया है। इस बार उनके निशाने पर भाजपा और संघ की विचारधारा है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए भाजपा और RSS को असभ्य, लालची, जातिवादी और पितृसत्तात्मक मानसिकता वाला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन संगठनों से जुड़े लोगों को भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की वास्तविक समझ नहीं है। राहुल ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितनी गहराई से समझता हूं, उतनी ही चीजें स्पष्ट होती जाती हैं। बीजेपी और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष प्रधान सोच वाले लोग हैं, जिन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की बिल्कुल भी समझ नहीं है।’

इस पोस्ट के साथ राहुल गांधी ने भगवान शिव और देवी पार्वती के अर्धनारीश्वर स्वरूप की तस्वीर भी साझा की। हिंदू धार्मिक परंपरा में अर्धनारीश्वर शिव और शक्ति के एकात्म स्वरूप का प्रतीक है। इसमें आधा शरीर पुरुष और आधा स्त्री का होता है। यह स्वरूप स्त्री-पुरुष की समानता, परस्पर पूरकता और एकता का संदेश देता है। राहुल गांधी का इस तस्वीर को साझा करना महज धार्मिक प्रतीक का इस्तेमाल नहीं, बल्कि भाजपा की कथित पुरुष प्रधान सोच पर वैचारिक हमला भी माना जा रहा है।दरअसल, विवाद की शुरुआत सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन समारोह से हुई थी। यहां राहुल गांधी ने अपने बचपन की एक निजी याद साझा करते हुए माता-पिता के रिश्ते का जिक्र किया था।उन्होंने बताया था कि उनके माता-पिता साथ बैठकर खाना खाते थे और उनकी मां अक्सर पिता की गोद में बैठ जाती थीं। राहुल के मुताबिक, बचपन में उन्हें यह बिल्कुल सामान्य लगता था। लेकिन जब वे दोस्तों के घर जाते और उनके माता-पिता को इस तरह नहीं देखते, तो उन्हें आश्चर्य होता था। वे दोस्तों से पूछते थे कि उनकी मां उनके पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं। राहुल के इस बयान को लेकर भाजपा नेताओं ने सवाल उठाए। कुछ नेताओं ने इसकी आलोचना की तो कुछ ने इसे मजाक का विषय बना दिया। इसके बाद राहुल गांधी ने बहस को निजी बयान से आगे बढ़ाकर स्त्री-पुरुष समानता, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक सोच के मुद्दे से जोड़ दिया।

राहुल गांधी के ताजा बयान में दो बातें खास हैं। पहली, उन्होंने भाजपा और RSS पर सीधे जातिवाद और पुरुष प्रधान मानसिकता का आरोप लगाया है। दूसरी, उन्होंने अपने तर्क के समर्थन में भारतीय धार्मिक परंपरा के अर्धनारीश्वर स्वरूप को सामने रखा है।दरअसल, अर्धनारीश्वर की अवधारणा को सामने रखकर राहुल गांधी यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि भारतीय संस्कृति में स्त्री और पुरुष को एक-दूसरे से अलग या कमतर नहीं, बल्कि एक-दूसरे का पूरक माना गया है।

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *