सागर राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और महिला सशक्तिकरण को वैश्विक स्तर पर नई दिशा देने के उद्देश्य से देश में पहली बार बेंगलुरु में दो दिवसीय ‘कॉमनवेल्थ महिला सांसद (CWP) इंडिया रीजन कॉन्फ्रेंस’ का आयोजन किया जा रहा है इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में शामिल होने के लिए सागर लोकसभा क्षेत्र की सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े बेंगलुरु पहुंचीं।कर्नाटक विधानमंडल में 17 एवं 18 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन में भारत सहित विभिन्न कॉमनवेल्थ देशों की महिला जनप्रतिनिधि सहभागिता कर रही हैं। सम्मेलन के दौरान राजनीति में महिलाओं की भागीदारी, नेतृत्व क्षमता, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी, और इस दो दिवसीय सम्मेलन में विभिन्न देशों की महिला सांसद अपने अनुभव, विचार और कार्यक्षेत्र में किए गए प्रयासों को साझा करेंगी। साथ ही महिलाओं के सामने मौजूद चुनौतियों, उनके अधिकारों और सामाजिक-आर्थिक विकास से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।
इस सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी को मजबूत करना तथा महिला हितों से जुड़ी प्रभावी योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए साझा प्रयासों को प्रोत्साहित करना है इस प्रकार यह सम्मेलन महिला नेतृत्व को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक साझा मंच प्रदान करने के साथ ही नारी शक्ति, समान अवसर और आत्मनिर्भरता के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा।
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

