भारत समिट में विदेशी नेता के नारे पर राहुल गांधी की ताली, भाजपा ने खोला मोर्चा

भारत समिट में विदेशी नेता के नारे पर राहुल गांधी की ताली, भाजपा ने खोला मोर्चा

अमित शाह बोले- विदेश नहीं, गांवों में जाइए

हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के दो दिवसीय ‘भारत समिट 2026’ का सियासी पारा अब चढ़ गया है। सम्मेलन के दूसरे दिन सामने आए एक वीडियो ने देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। वीडियो में इटली की मुख्य विपक्षी पार्टी के नेता जियाकोमो फिलिबेक ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाते नजर आ रहे हैं। खास बात यह रही कि उनके इस नारे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी हंसते और तालियां बजाते दिखाई दे रहे हैं। फिलिबेक ने अपने संबोधन में भारत के लोकतंत्र को भी खतरे में बताया।बस फिर क्या था, भाजपा को कांग्रेस पर हमला बोलने का नया मुद्दा मिल गया। पार्टी ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि वे विदेशी नेताओं को भारतीय मंच पर बुलाकर देश के खिलाफ बोलने का अवसर दे रहे हैं। भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम को भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि से जोड़ते हुए कांग्रेस की राजनीति पर सवाल खड़े किए हैं।

इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद मोर्चा संभाला। महाराष्ट्र में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों से भारत को बदनाम करने से सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। राहुल गांधी को विदेश यात्राएं करने के बजाय गांव-गांव जाकर लोगों के बीच काम करना चाहिए।पुणे में आयोजित कार्यक्रम में शाह ने कहा कि कांग्रेस ने हैदराबाद में भारत समिट के नाम से अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें वामपंथी विचारधारा से जुड़े लोगों को बुलाया गया। राहुल गांधी भी इस सम्मेलन में शामिल हुए, लेकिन भारत के नाम पर आयोजित कार्यक्रम में ही भारत के खिलाफ बातें की गईं। शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को बदनाम करने का काम किया है।केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने भी वीडियो के बहाने राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने बिना नाम लिए सवाल उठाया कि जब कोई विदेशी व्यक्ति भारत का अपमान करता है, तो उस समय हंसता कौन है? उनका इशारा फिलिबेक के भाषण के दौरान राहुल गांधी की प्रतिक्रिया की ओर था।वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सम्मेलन में शामिल विदेशी नेताओं और संगठनों की पृष्ठभूमि पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि कांग्रेस ऐसे लोगों को अपने राजनीतिक मंच पर जगह क्यों दे रही है, जिनके संबंध जॉर्ज सोरोस समर्थित ‘ओपन सोसायटी’ नेटवर्क और एमनेस्टी इंटरनेशनल से बताए जाते हैं।

दरअसल, कांग्रेस का भारत समिट लोकतंत्र, वैश्विक राजनीति और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा के लिए आयोजित किया गया था, लेकिन अब सम्मेलन का एजेंडा पीछे छूटता दिखाई दे रहा है। एक विदेशी नेता के भाषण और उस दौरान राहुल गांधी की प्रतिक्रिया ने भाजपा को कांग्रेस पर राष्ट्रहित और विदेशी ताकतों के मुद्दे पर घेरने का मौका दे दिया है।सवाल यह है कि क्या किसी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विदेशी नेताओं को भारत की राजनीति पर अपनी राय रखने का अधिकार नहीं होना चाहिए, या फिर ऐसे मंचों पर भारत के लोकतंत्र को लेकर की गई टिप्पणियों की राजनीतिक जिम्मेदारी आयोजकों की भी बनती है? फिलहाल, भारत समिट का यह वीडियो कांग्रेस और भाजपा के बीच एक नई सियासी जंग का केंद्र बन गया है।

https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

https://www.instagram.com/bharatbhvh_news/

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *