नई दिल्ली | भारतभवः
महंगाई एक बार फिर आम आदमी की रसोई से लेकर रोजमर्रा के बजट तक पर भारी पड़ने लगी है। दूध, अंडे, प्याज, लहसुन और दूसरी जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। हालात यह हैं कि खुदरा महंगाई दर भारतीय रिजर्व बैंक की निर्धारित छह फीसदी की ऊपरी सीमा को पार कर गई है। अक्टूबर में खुदरा महंगाई बढ़कर 6.09 फीसदी पर पहुंच गई, जबकि सितंबर में यह 5.54 फीसदी थी। यानी महज एक महीने में महंगाई दर में 0.55 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई करीब दो साल बाद महंगाई ने एक बार फिर छह फीसदी का आंकड़ा पार किया है। यह स्थिति इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि साल की शुरुआत में महंगाई दर तीन फीसदी से नीचे थी, लेकिन जनवरी के बाद से इसमें लगातार तेजी देखने को मिल रही है।महंगाई बढ़ने की सबसे बड़ी वजह खाद्य पदार्थों की कीमतों में उछाल बताई जा रही है। अक्टूबर में खाद्य महंगाई दर 8.94 फीसदी तक पहुंच गई, जबकि सितंबर में यह 7.74 फीसदी थी।दूध, अंडे, प्याज, लहसुन और रोजाना इस्तेमाल होने वाली दूसरी खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम परिवारों का मासिक खर्च बढ़ गया है। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) में खाद्य पदार्थों की हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी है। ऐसे में खाद्य वस्तुओं की कीमतों में होने वाला उतार-चढ़ाव सीधे खुदरा महंगाई के आंकड़ों को प्रभावित करता है।महंगाई का असर अब सिर्फ रसोई तक सीमित नहीं है। अमूल, मदर डेयरी और पराग जैसे प्रमुख डेयरी ब्रांडों ने दूध की कीमतों में दो से छह रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। यह बढ़ोतरी 12 नवंबर से लागू हुई है।दूसरी ओर कर्नाटक के नंदिनी ब्रांड ने भी नवंबर के शुरुआती 12 दिनों में दूध की कीमतों में 12 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है।इसके अलावा कपड़े धोने का पाउडर, नहाने का साबुन, ड्राई फ्रूट्स, सिगरेट, होटल-रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर और विमानन ईंधन तक महंगा हुआ है। यानी आम आदमी की जरूरतों से लेकर कारोबार की लागत तक पर महंगाई का असर दिखाई देने लगा है।
नई सीरीज में भी छह फीसदी के पार पहुंची महंगाई
खुदरा महंगाई के आंकड़ों में इस बार नई सीरीज लागू की गई है। इसके तहत उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में खाद्य वस्तुओं का भार पहले के मुकाबले कम किया गया है। पुरानी व्यवस्था में खाद्य पदार्थों की हिस्सेदारी 50 फीसदी से अधिक थी, जबकि नई व्यवस्था में इसे घटाकर करीब 40 फीसदी किया गया है।इसके बावजूद महंगाई दर का छह फीसदी से ऊपर पहुंचना चिंता बढ़ाने वाला है। आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर 2024 में भी खुदरा महंगाई 6.2 फीसदी तक पहुंची थी, लेकिन उस समय आंकड़े पुरानी सीरीज के आधार पर जारी किए गए थे।महंगाई में लगातार हो रही बढ़ोतरी भारतीय रिजर्व बैंक के लिए भी चुनौती बन सकती है। RBI ने खुदरा महंगाई के लिए दो से छह फीसदी का दायरा निर्धारित किया है। चार फीसदी को इसका आदर्श स्तर माना जाता है।महंगाई लगातार ऊपरी सीमा से बाहर बनी रहती है तो रिजर्व बैंक पर मौद्रिक नीति को सख्त करने और ब्याज दरों में बढ़ोतरी का दबाव बन सकता है। हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में संभावित गिरावट से आने वाले समय में राहत मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है।
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

