17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, 25 सेवा गतिविधियों के साथ हर वर्ग तक पहुंचेगा सेवा का संदेश
सागर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होना सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा का अवसर है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जा रहा है। यह केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा को जनभागीदारी से जोड़ने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का अभियान है। सागर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी जी ने लोकसेवा के महत्वपूर्ण दायित्व की शुरुआत की और वर्ष 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने। इन 25 वर्षों में देश ने प्राकृतिक आपदाओं, कोरोना महामारी और अनेक वैश्विक चुनौतियों का सामना किया। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियां नेतृत्व की परीक्षा का अवसर होती हैं और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हर चुनौती के समय दूरदर्शी, सक्षम और निर्णायक नेतृत्व का परिचय दिया।
पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी,पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन,, नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार,जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ठाकुर जिला महामंत्री सुमित यादव जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन,जिला सह मीडिया प्रभारी आलोक केशरवानी उपस्थित रहें। पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन से लेकर जनधन खाते, प्रधानमंत्री आवास, पेयजल, बिजली, सड़क कनेक्टिविटी और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम हुआ है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना रहा है। श्री पटेल ने कहा कि जहां सामान्य योजनाओं की पहुंच में भौगोलिक अथवा अन्य कठिनाइयां सामने आईं, वहां विशेष योजनाओं और प्रावधानों के माध्यम से रास्ता निकाला गया। जनजातीय एवं पिछड़े क्षेत्रों तक भी विकास की पहुंच बढ़ी है। आज गांव-गांव में बड़ी संख्या में परिवार केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं।
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से अभियान की शुरुआत
मंत्री श्री पटेल ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ होगा। प्रदेशभर में शाम 7 बजे लाभार्थी परिवारों के घरों में “आशीर्वाद का दीया” प्रज्वलित किया जाएगा। यह दीप प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक होगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान “मेरे सपनों का भारत” कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान होगा। प्रधानमंत्री जी के जीवन और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी “सेवा की अनकही कहानियां” नुक्कड़ नाटक एवं संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से गांव, स्कूल, कॉलेज और चौपालों तक पहुंचाई जाएंगी। आंगनबाड़ी से लेकर लाभार्थियों की कहानियों तक पहुंचेगा अभियान श्री पटेल ने बताया कि “आंगन मिलन सेवा” के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेवा गतिविधियां आयोजित कर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री जी की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियों को भी समाज के सामने लाया जाएगा। इससे यह सामने आएगा कि सरकारी योजनाओं ने किस तरह सामान्य परिवारों के जीवन में बदलाव किया है।
25 सेवा गतिविधियों के जरिए जनभागीदारी
मंत्री श्री पटेल ने बताया कि “सेवा मेरा योगदान” के अंतर्गत कार्यकर्ताओं एवं आमजन को 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इनमें— रक्तदान शिविर, अनाथालय एवं वृद्धाश्रम भ्रमण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, एक गांव गोद लेकर सेवा कार्य, योग एवं ध्यान, प्लास्टिक-मुक्त जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग, कैरियर काउंसलिंग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, आंगनबाड़ी संकल्प अभियान, नशामुक्त भारत जागरूकता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा जागरूकता, जल संरक्षण एवं जल स्रोतों की सफाई, कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग, साइबर सुरक्षा, फिट इंडिया खेल सत्र, वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण, वोकल फॉर लोकल तथा सरकारी योजनाओं की जागरूकता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य सेवा को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित रखना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा के कार्यों से जोड़ना है। स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य सेवा गतिविधियां भी इसमें शामिल की जा सकती हैं। सेवा सेतु शिविरों में हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ेंगे श्री पटेल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान “सेवा सेतु शिविर” के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र व्यक्ति केवल जानकारी के अभाव में किसी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सरकारी योजना की जानकारी से लेकर पात्र व्यक्ति को उसका लाभ दिलाने तक सेवा का यह अभियान एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करेगा।
सेवा के रंग राष्ट्र के संग में दिखेगी जनभागीदारी अभियान के तहत “सेवा के रंग राष्ट्र के संग” कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें सार्वजनिक स्थलों पर प्राकृतिक रंगों, फूल, बीज, मिट्टी और चावल आदि के माध्यम से रचनात्मक गतिविधियों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा, महिलाएं, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मिलकर इन गतिविधियों में भागीदारी करेंगे, जिससे सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप मिलेगा। 7 अक्टूबर को पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैलियां श्री पटेल ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर पदयात्रा, साइकिल एवं बाइक रैलियां आयोजित की जाएंगी। ये यात्राएं निर्धारित प्रमुख स्थलों पर पहुंचकर विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा केवल राजनीतिक जीवन की यात्रा नहीं, बल्कि जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति निरंतर समर्पण की यात्रा है। यह यात्रा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। हर कार्यकर्ता के जीवन में हो सेवा का संकल्प श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि सेवा किसी एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति निरंतर जिम्मेदारी है। “सेवा मेरा योगदान” के माध्यम से कार्यकर्ता और आमजन कम से कम 25 मिनट श्रमदान सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागी बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष सेवा, सुशासन, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की यात्रा हैं। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जनभागीदारी से जोड़कर मध्यप्रदेश को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को मजबूत करेगा। 17 अक्टूबर को “सुशासन सेवा संवाद” के साथ अभियान का समापन होगा, जिसमें ग्राम पंचायत के पंच-सरपंच से लेकर जनप्रतिनिधि और विभिन्न स्तरों के सहभागी सुशासन एवं सेवा के अनुभव साझा करेंगे। पत्रकार वार्ता का संचालन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने एवं सह मीडिया प्रभारी अलोक केशरवानी ने व्यक्त आभार किया।
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद।

