राजा भैया की रामकथा पर सियासी संग्राम, अखिलेश यादव ने उठाए सवाल

राजा भैया की रामकथा पर सियासी संग्राम, अखिलेश यादव ने उठाए सवाल

प्रतापगढ़ के कुंडा में 17 से 20 नवंबर तक बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा का आयोजन होने जा रहा है। लेकिन कथा शुरू होने से पहले ही यह धार्मिक आयोजन सियासी चर्चा का विषय बन गया है।

एक तरफ आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं, तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे जनसमर्थन जुटाने की कोशिश करार दिया है।

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती में होने वाली इस कथा के मुख्य यजमान विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया हैं। आयोजन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पूरे कथा क्षेत्र को 9 सेक्टर और 7 जोन में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली जाएगी। इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि इसमें पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी परिवारों को भी आमंत्रित किया गया है। कथा सुनने के बाद इन परिवारों को प्रयागराज, काशी और अयोध्या की धार्मिक यात्रा कराई जाएगी। इसके लिए राजा भैया की ओर से 10 बसों की व्यवस्था की गई है। राजा भैया का कहना है कि इस पहल के पीछे केवल धार्मिक आयोजन का उद्देश्य नहीं है, बल्कि पाकिस्तान में रहने वाले अल्पसंख्यक हिंदुओं की वास्तविक परिस्थितियों और उनके संघर्षों को समाज के सामने लाना भी है। वे चाहते हैं कि देश के लोग इन परिवारों की परेशानियों, अनुभवों और संघर्षपूर्ण जीवन को करीब से समझें।

अखिलेश यादव ने धार्मिक आयोजन पर खड़े किए राजनीतिक सवाल

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस आयोजन को लेकर राजा भैया पर निशाना साधा है। उन्होंने रामकथा को जनसमर्थन जुटाने का माध्यम बताते हुए कहा कि कथा कराई जा रही है, लेकिन कथा अपना काम नहीं बता पा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी संविधान में विश्वास रखती है। उन्होंने संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय का मुद्दा उठाते हुए कहा, “हम लोग संविधान को मानने वाले लोग हैं। संविधान रहेगा तो आरक्षण रहेगा, न्याय मिलेगा।” उन्होंने आगरा में दलित समाज पर अत्याचार का मुद्दा भी उठाया और सामाजिक न्याय को लेकर सवाल किए।कुंडा की इस रामकथा ने आयोजन शुरू होने से पहले ही उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। राजा भैया जहां इसे धार्मिक आस्था के साथ पाकिस्तान के हिंदू अल्पसंख्यकों के संघर्ष को सामने लाने की पहल बता रहे हैं, वहीं अखिलेश यादव इसे राजनीतिक समर्थन जुटाने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं।

https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

https://www.instagram.com/bharatbhvh_news/

 

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *