10वीं की परीक्षा 9 मार्च तक, जबकि 12वीं के विद्यार्थियों को 9 अप्रैल तक देना होगा इम्तिहान | सुबह 10:30 बजे से होगी परीक्षा
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड के इस ऐलान के साथ ही लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की परीक्षा की तैयारियों को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से आयोजित की जाएंगी।बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक चलेंगी। वहीं, 12वीं के विद्यार्थियों को अपेक्षाकृत लंबी परीक्षा अवधि से गुजरना होगा। उनकी परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 अप्रैल 2027 तक जारी रहेंगी।इस बार सीबीएसई ने 10वीं के विद्यार्थियों के लिए कुल 83 विषयों की परीक्षाएं निर्धारित की हैं। वहीं, कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं को 121 विषयों में परीक्षा देनी होगी। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने विषयों के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें, ताकि किसी तरह का भ्रम न रहे।
प्रैक्टिकल परीक्षाओं का कार्यक्रम भी घोषित
बोर्ड ने केवल लिखित परीक्षाओं की तारीखें ही नहीं, बल्कि प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट असेसमेंट का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।सामान्य स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी 2027 से शुरू होंगी। वहीं, बर्फीले क्षेत्रों और विशेष परिस्थितियों वाले विंटर बाउंड स्कूलों के लिए प्रैक्टिकल एवं इंटरनल असेसमेंट की प्रक्रिया 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच पूरी की जाएगी।परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद अब विद्यार्थियों के सामने अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने की चुनौती होगी। खासकर 10वीं और 12वीं के छात्र अब विषयवार अध्ययन, रिवीजन और मॉडल पेपर के अभ्यास की रणनीति बना सकते हैं।सीबीएसई ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी टाइम टेबल देखने की सलाह दी है।
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

