आजम खान की जेल से रिहाई, सपा को मिली बड़ी सियासी राहत

आजम खान की जेल से रिहाई, सपा को मिली बड़ी सियासी राहत

चुनाव से पहले फिर मजबूत हो सकता है मुस्लिम समीकरण

उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान की जेल से रिहाई को बड़े सियासी घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। विधानसभा चुनाव से करीब तीन महीने पहले उनकी रिहाई ने सपा को बड़ी राहत दी है। खासतौर पर ऐसे समय में जब असदुद्दीन ओवैसी की राजनीतिक सक्रियता मुस्लिम मतदाताओं के बीच नए समीकरण बनाने की कोशिश कर रही है, आजम खान की वापसी अखिलेश यादव के लिए काफी अहम मानी जा रही है।आजम खान लंबे समय से जेल में बंद थे। उनकी रिहाई के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल यादव भी सक्रिय रहे। दोनों नेता पिछले दिनों जेल पहुंचकर उनसे मुलाकात कर चुके थे। ऐसे में उनकी रिहाई को केवल कानूनी राहत ही नहीं, बल्कि चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के लिए राजनीतिक संजीवनी के तौर पर भी देखा जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाई कोर्ट से राहत मिलने के बाद बुधवार को आजम खान गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए। गाजियाबाद की सीजेएम अदालत में जमानत से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ। अदालत ने 50-50 हजार रुपये के दो जमानतदार और 50 हजार रुपये का निजी मुचलका जमा करने की शर्त रखी थी। इसके अलावा निर्धारित हलफनामा भी दाखिल किया गया।

तजीन फातमा बोलीं- आखिरकार न्याय की जीत हुई

आजम खान की रिहाई के बाद उनकी पत्नी तजीन फातमा ने सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाई कोर्ट के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा न्यायपालिका पर भरोसा रहा है और विश्वास था कि एक दिन न्याय जरूर मिलेगा। तजीन फातमा ने भावुक अंदाज में कहा कि जब जुल्म का प्याला भर जाता है तो अन्याय अपनी सारी हदें पार कर जाता है। जिस तरह आजम खान को जेल के गेट से ही ईडी अपने साथ ले गई थी, वह शायद जुल्म की आखिरी हद थी। उन्होंने कहा कि उन्हें अल्लाह पर भरोसा था और आखिरकार न्याय मिला। उन्होंने आजम खान की रिहाई को सच और न्याय की जीत बताया।दरअसल, फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में जमानत मिलने के बाद आजम खान जेल से बाहर आने वाले थे, लेकिन उनकी रिहाई से ठीक पहले नया घटनाक्रम सामने आ गया। सुबह करीब सात बजे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जेल के गेट से ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद ईडी ने उनसे पूछताछ की और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आजम खान ने ईडी की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को अदालत में चुनौती दी थी। पहले उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, लेकिन शीर्ष अदालत ने उन्हें इलाहाबाद हाई कोर्ट जाने की सलाह दी। इसके बाद हाई कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी को अवैध मानते हुए मंगलवार को अंतरिम जमानत दे दी। इसी आदेश के बाद उनकी रिहाई का रास्ता खुला।

अब आजम खान की वापसी से कितना बदलेगा यूपी का सियासी गणित?

आजम खान की रिहाई का असर अब अदालत और जेल की चारदीवारी से बाहर उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी दिखाई दे सकता है। रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में उनका मजबूत राजनीतिक प्रभाव रहा है। समाजवादी पार्टी के लिए वे मुस्लिम राजनीति का एक बड़ा चेहरा माने जाते हैं।दूसरी ओर, असदुद्दीन ओवैसी की सक्रियता ने मुस्लिम वोटों को लेकर सपा की चुनौतियां बढ़ाई हैं। ऐसे में आजम खान की राजनीतिक सक्रियता अखिलेश यादव के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। हालांकि, उनकी रिहाई के बाद वे कितनी सक्रियता से चुनावी राजनीति में उतरते हैं और सपा के साथ उनका तालमेल किस दिशा में आगे बढ़ता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

https://www.instagram.com/bharatbhvh_news/

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *