सागर –  सुरखी विधानसभा को मिली विकास की बड़ी सौगात

सागर – सुरखी विधानसभा को मिली विकास की बड़ी सौगात

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के अथक प्रयासों से सुरखी विधानसभा को मिली विकास की बड़ी सौगात
25 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक के सड़क एवं पुल निर्माण कार्य स्वीकृत, जैसीनगर और राहतगढ़ ब्लॉक के लगभग 150 गांवों को मिलेगा लाभ, ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन होगा सुगम
सुरखी विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति देने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक गोविंद सिंह राजपूत के निरंतर प्रयासों से लोक निर्माण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए करोड़ों रुपये के सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और लगभग 150 गांवों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत जैसीनगर एवं राहतगढ़ ब्लॉक में कुल सात महत्वपूर्ण निर्माण कार्य शामिल किए गए हैं। इन पर कुल 25 करोड़ 17 लाख 85 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें छह सड़क निर्माण कार्यों की कुल लंबाई लगभग 13.35 किलोमीटर है, जबकि एक महत्वपूर्ण पुल निर्माण कार्य भी स्वीकृत हुआ है।
जैसीनगर ब्लॉक में तीन महत्वपूर्ण सड़क मार्ग स्वीकृत
जैसीनगर ब्लॉक में ग्रामीणों की आवागमन संबंधी समस्याओं को देखते हुए तीन सड़क मार्गों को स्वीकृति मिली है। इनमें ग्राम तोड़ातर्फदार से बड़े देव बाबा पहुंच मार्ग (2.5 किलोमीटर), ग्राम महुआखेड़ा से हिनोतिया भुजपता मार्ग (1.15 किलोमीटर) तथा ग्राम बड़ेरा से बदबदी पहुंच मार्ग (3 किलोमीटर) शामिल हैं। इन कार्यों पर करोड़ों रुपये की राशि खर्च की जाएगी।राहतगढ़ ब्लॉक में चार महत्वपूर्ण निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें ग्राम टीला बुजुर्ग से हरवंशपुरा तिगड्डा मार्ग (2 किलोमीटर), ग्राम बटयावदा से खेरोदा मार्ग (1.5 किलोमीटर), सीहोरा से खेरापति भड़ुआ तक मार्ग (3.20 किलोमीटर) तथा हीरापुर-रामछायरी मार्ग पर धसान नदी में पुल निर्माण शामिल है। विशेष रूप से धसान नदी पर पुल निर्माण की स्वीकृति क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। पुल बनने से आवागमन में आने वाली परेशानियां कम होंगी और ग्रामीणों को वर्षा के मौसम में भी आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल किसी भी क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति का आधार होते हैं। अच्छी सड़कें बनने से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलती है। विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचने और ग्रामीणों को रोजगार, व्यापार तथा अन्य जरूरी कार्यों के लिए शहरों तक पहुंचने में आसानी होती है। सड़क संपर्क बेहतर होने से गांवों में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। कृषि उत्पादों का परिवहन आसान होता है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। वहीं पुलों का निर्माण बारिश के मौसम में नदी-नालों के कारण होने वाली आवागमन की बाधाओं को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।उक्त मार्गों एवं पुल के बनने से सुरखी विधानसभा सहित आसपास के सीमावर्ती जिलों के ग्रामों को भी इसका लाभ मिलेगा। जिसमें परगासपुरा, मोचल, तेंदूडाबर, बदबदी, सेमाढाना, सत्ताढाना, पड़रई, सीहोरा, सेमराघाट, गंभीरिया, हंसरई, मोहारा, सिंगारचैरी, ढकरई, मूड़री, सेवन, ताजपुर, करहद, कोरंजा, मेहंगोद, बटयावदा, रमपुरा, खेरोंदा, बासौदा, बटयावदा, रूसल्ला, पचमा,साईखेड़ा, झिला, तोड़ा तरफदार, टीलाबुजुर्ग, पीपरा, करैया हजारी, रामछायरी, सेमराचरखरा, गुनगुचा, बसियाभौती, बरौदियावल्लभ, रूपउ, मानकचैक, ढगरानिया, मनेशिया, हरवंशपुरा सहित लगभग 150 ग्रामों के कृषकों को बारहमासी आवागमन की सुविधा सहित अपनी उपज मंडी ले जाने की सुविधा होगी जिससे कृषकों को आर्थिक विकास होगा। मार्ग स्वीकृत कराने पर क्षेत्रवासियों द्वारा  मंत्री श्री राजपूत का आभार व्यक्त किया है।

https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

https://www.instagram.com/bharatbhvh_news/

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *