सागर में भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन, नारेबाजी के बीच राहुल गांधी का पुतला फूंका
बेटियों की सुरक्षा और गरिमा से समझौता स्वीकार नहीं, गंभीर आरोपों की हो निष्पक्ष जांच:-
संगीता तिवारी महापौर प्रदेश उपाध्यक्ष याकृति जड़िया ने कांग्रेस नेतृत्व की जवाबदेही पर उठाए सवाल,
जिलाध्यक्ष मेघा दुबे बोलीं— कांग्रेस में नारी सम्मान केवल भाषणों और नारों तक सीमित
सागर। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की छात्राओं द्वारा कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर लगाए गए कथित यौन दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर सोमवार को सागर में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नमकमंडी चौराहे पर जुटीं महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का पुतला फूंका। महिला मोर्चा ने आरोपों और विश्वविद्यालय की जांच एवं कार्रवाई से जुड़े घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से जवाब मांगा। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मेघा दुबे के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में महापौर संगीता तिवारी, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष याकृति जड़िया सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने छात्राओं को न्याय दिलाने, आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
महापौर संगीता तिवारी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत बेटियों को भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। छात्राओं द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों को संवेदनशीलता से लेते हुए उनकी निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान के प्रश्न पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर न्याय के पक्ष में खड़ा होना चाहिए। बेटियों की गरिमा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेतृत्व को भी इस गंभीर मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष याकृति जड़िया ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात करने वाले कांग्रेस नेतृत्व को यह स्पष्ट करना चाहिए कि अपने ही सांसद पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर उसका क्या रुख है। महिला सुरक्षा केवल भाषणों और राजनीतिक नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जब किसी जनप्रतिनिधि के विरुद्ध छात्राएं गंभीर आरोप लगाती हैं, तब संबंधित राजनीतिक दल की नैतिक जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे बताएं कि इस मामले में कांग्रेस ने अब तक क्या कदम उठाए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से निष्पक्ष जांच का समर्थन करने और महिला सम्मान के प्रति अपनी जवाबदेही स्पष्ट करने की मांग की। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मेघा दुबे ने कहा कि कांग्रेस में नारी सम्मान केवल भाषणों और नारों तक सीमित रह गया है। महिलाओं के अधिकारों की दुहाई देने वाले राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे बताएं कि अपने ही सांसद पर छात्राओं द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के मामले में कांग्रेस ने अब तक क्या कदम उठाए हैं? उन्होंने कहा कि महिला सम्मान की वास्तविक परीक्षा तब होती है, जब सवाल अपने ही दल के नेताओं की जवाबदेही का हो। कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता केवल राजनीतिक मंचों तक सीमित है या वह इसे अपने आचरण में भी लागू करती है। उन्होंने कहा कि बेटियों की अस्मिता और सम्मान से जुड़े मामलों में दोहरे मापदंड स्वीकार नहीं किए जा सकते। आरोपों की निष्पक्ष जांच हो और दोष सिद्ध होने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नारी सम्मान कोई राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि समाज और सार्वजनिक जीवन की अनिवार्य जिम्मेदारी है। भाजपा महिला मोर्चा बेटियों के सम्मान और न्याय के लिए सड़क से सदन तक अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। प्र
दर्शन के दौरान महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि विरोध प्रदर्शन में सुषमा यादव, नीलम अहिरवार, शिक्षा विश्वकर्मा, वैशाली सोनी, रश्मि कुशवाहा, निशा शिंदे, प्रीति शर्मा, सुदर्शनी शुक्ला, सुनीता रैकवार, प्रीति केशरवानी, वैदेही पुरोहित, रानी बजाज, सरिता खटीक, रेखा वर्मा, भारती राय, प्रियंका राय, सुमन कुशवाहा, शशि ठाकुर, सविता साहू,लीना रैकवार, माला अहिरवार, कविता लारिया, जयश्री रैकवार, उर्मिला सहारे, पूजा श्रीवास्तव,अंजलि सरोज दक्ष,पुष्पा पटेल,मोनिका प्रजापति, सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

