सागर। डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी आजादी के बाद राष्ट्र की अखंडता के लिए प्राण देने वाले पहले बलिदानी थे। वे देश के लिए जिए, उन्होंने देश के लिए मृत्यु का वरण किया। उनका जीवन और विचार हमारे बीच प्रेरणा के रूप में मौजूद है। यह उद्गार मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने खुरई में डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भव्य प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि डाॅ. मुखर्जी के एक विधान, एक प्रधान, एक निशान के संकल्प को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने कश्मीर से धारा 370 हटा कर पूरा किया। यह आज जिस कश्मीर में तिरंगा फहराना चुनौती थी उस कश्मीर के कोने कोने में गर्व से तिरंगा फहराया जा रहा है और पूरा वन्देमातरम् गाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि जिस देश की आजादी के लिए शहीद भगत सिंह जैसे वीर क्रांतिकारी वन्देमातरम् गाते हुए फांसी के फंदे पर झूल गए उस देश में पूरा वन्देमातरम् गाने के लिए 75 साल लग गए। ऐसा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हो सका जब उन्होंने वन्देमातरम् पूरा गाने के लिए कानून बना दिया। उन्होंने बताया कि डाॅ. मुखर्जी ने धारा 370 को हटाने के विचार को लेकर 5 लोगों की राजनैतिक पार्टी खड़ी की थी उस विचार को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पूरा कर दिखाया।
विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि दो दिन पूर्व कश्मीर में हुए एक कार्यक्रम में कश्मीर की जनता के साथ वहां के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. फारूख अब्दुल्ला तिरंगे को सम्मान देते हुए पूरा वन्देमातरम् गा रहे थे। यह डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संकल्प के कारण उस कश्मीर में हो सका जहां आजादी के बाद भी जाने के लिए परमिट लेना पड़ता था। जहां का प्रधानमंत्री और झंडा अलग था। इस अलगाव को खत्म करने के लिए डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आंदोलन किया, जेल गए और जेल में उनकी संदिग्ध हालातों में रहस्यमय तरीके से मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऐसे प्रतिभावान व्यक्तित्व थे जो मात्र 32 वर्ष की आयु में उस दौर में देश के सबसे बड़े कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति चुने गए थे। लेकिन उनमें राष्ट्र भक्ति का भाव प्रबल था और यह सोच कर कि मां भारती की गुलामी की बेड़ियां काटने किसी को तो आगे आना होगा उन्होंने सब कुछ त्याग कर संघर्ष का रास्ता चुना।
श्री तोमर ने कहा कि खुरई में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा की स्थापना और विकास कार्यों का यह आयोजन ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि मैं यह पूर्व यह देख कर भावों से भर गया जब यहां पार्क में मुझे संत शिरोमणि रविदास जी महाराज और उनके बाजू में ही राष्ट्र शिरोमणि डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर पुष्प चढ़ाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि आज खुरई में उनकी प्रतिमा का अनावरण केवल एक प्रतिमा स्थापित करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके विचारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर है। श्री तोमर ने खुरई की जनता, युवा पीढ़ी और सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से आहृवान किया कि प्रतिवर्ष 6 जुलाई को डा मुखर्जी की जयंती और 23 जून को उनकी पुण्यतिथि पर आप सभी इस प्रतिमा के समक्ष माथा टेकने आएं उनकी जीवन यात्रा को जाने और मिल कर भविष्य की दिशा को तय करें।
उन्होंने पूर्व मंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि भूपेंद्र सिंह जैसा संघर्ष और परिश्रम से तपकर निकला कार्यकर्ता ही अपने क्षेत्र की तस्वीर बदलने का सामर्थ्य रखता है। उन्होंने कहा कि भूपेन्द्र सिंह ने लंबे राजनीतिक जीवन में संघर्ष और परिश्रम के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है तथा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार सक्रिय रहे हैं। तोमर ने कहा कि खुरई में हुए विकास कार्यों को देखकर यह स्पष्ट होता है कि क्षेत्र में विकास की दिशा में लगातार काम हुआ है। उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक संबंधों को स्मरण करते हुए कहा कि श्री भूपेन्द्र सिंह के साथ लंबे समय से काम करने का अवसर मिला है और उन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों में भी संघर्ष करते हुए कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि जब किसी क्षेत्र का जनप्रतिनिधि विकास के लिए दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास करता है तो उसका परिणाम क्षेत्र की बदली हुई तस्वीर के रूप में सामने आता है। श्री तोमर ने खुरई के नवीन नगर पालिका भवन और नागरिक सुविधाओं के लिए किए गए कार्यों की भी सराहना की तथा कहा कि विकास के साथ-साथ जनसुविधाओं को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
पूर्व मंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज खुरई को एक और विकास की सौगात मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के करकमलों से मिली है। उन्होंने कहा कि श्री तोमर का राजनीतिक जीवन संघर्ष, संगठन क्षमता, प्रशासनिक अनुभव और सरलता का उदाहरण है। सामान्य परिवार से निकलकर पार्षद से लेकर केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करने वाले श्री तोमर ने सार्वजनिक जीवन में अपनी अलग पहचान बनाई है। श्री सिंह ने कहा कि उन्हें श्री तोमर के साथ संगठन में काम करने तथा सांसद के रूप में भी साथ रहने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के रूप में श्री तोमर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करते हुए सदन में सभी पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर प्रदान करते हैं। उनके कार्यकाल में विधानसभा में विकास के महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श होता है और प्रदेश के विकास के लिए बड़े निर्णय लिए जा सके।उन्होंने कहा कि खुरई में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन नगर पालिका भवन का लोकार्पण भी आज श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के करकमलों से हुआ है। यह भवन केवल प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि खुरई में महापुरुषों के प्रति सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है और 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महापुरुष हमारे आदर्श हैं और उनके विचारों तथा जीवन मूल्यों को समाज तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बंडा में हुई दुखद घटना के कारण आज के कार्यक्रम में स्वागत को लेकर सादगी बरती गई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए किसी प्रकार का फूल-माला, पुष्पवर्षा, आतिशबाजी या बैंड-बाजे का आयोजन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों और राष्ट्रनायकों के प्रति सम्मान हमारी परंपरा है और ऐसे अवसरों पर उनके विचारों को आत्मसात करना ही सबसे बड़ा सम्मान है। कार्यक्रम के अंत में बंडा विकासखण्ड में शराब कांड में जान गंवाने वालों को दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डाॅ. लता वानखेड़े ने कहा कि पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह का पूरा चिंतन खुरई के विकास के लिए समर्पित है। उन्होंने खुरई में सर्वांगीण विकास कर यहां की तस्वीर बदल दी। उनका बस चले तो वे खुरई विधानसभा क्षेत्र के लिए आसमान के तारे तोड़ कर लाने की आकांक्षा रखते हैं। नगरपालिका के नवीन भवन जितना बड़ा और आधुनिक भवन प्रदेश की किसी नगरपालिका का नहीं है। उन्होंने खुरई में विभिन्न पार्कों में देश के महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की हैं जिनसे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने कहा कि अखंड भारत के लिए डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान अविस्मरणीय है।
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, विधायक देवरी बृजबिहारी पटैरिया, जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, खुरई नपा अध्यक्ष श्रीमती नन्हींबाई अहिरवार, पूर्व नपा अध्यक्ष जिनेंद्र गुरहा, रामनिवास माहेश्वरी, वीर सिंह उरदोना, विजय जैन बट्टी, पूर्व विधायक धरमू राय, डाॅ. सुशील तिवारी, युवा भाजपा नेता अविराज सिंह, अर्जुन सिंह कठेली, भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चैधरी, राजपाल सिंह, रविंद्र सिंह, अनिल पाराशर, नीतेश यादव, देशराजसिंह यादव, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता व गणमान्य जन उपस्थित रहे।
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद।

