फसल मुआवजा, अवैध शराब-सट्टा जनसमस्याओं को लेकर महाराजपुर में गरजे हर्ष यादव

फसल मुआवजा, अवैध शराब-सट्टा जनसमस्याओं को लेकर महाराजपुर में गरजे हर्ष यादव

पूर्व कैबिनेट मंत्री के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना, मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा 20 सूत्रीय ज्ञापन

संतोष विश्वकर्मा ।

किसानों की फसल क्षति का तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा एवं फसल बीमा की राशि दिलाने, क्षेत्र में कथित रूप से संचालित अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं नशीले पदार्थों पर रोक लगाने तथा महाराजपुर सहित देवरी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर गुरुवार को महाराजपुर के हाट बाजार प्रांगण में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी द्वारा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने का नेतृत्व पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने किया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण सागर के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह मोहासा विशेष रूप से उपस्थित रहे। धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार देवरी को 20 सूत्रीय ज्ञापन  सौंपकर किसानों, युवाओं, ग्रामीणों और महाराजपुर क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि अतिवृष्टि एवं मौसम की मार के कारण देवरी विधानसभा क्षेत्र में उड़द, मक्का, सोयाबीन सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है। किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शासन को तत्काल फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा राशि एवं फसल बीमा की राशि उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है। डीएपी एवं यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी पर कठोर कार्रवाई की जाना आवश्यक है। ज्ञापन में सागर जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में मृतकों की संख्या एवं संबंधित तथ्यों को सार्वजनिक करने, मामले में लापरवाही अथवा मिलीभगत पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग भी की गई। साथ ही देवरी विधानसभा क्षेत्र में अवैध जुआ-सट्टा, शराब, ड्रग्स एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग रखी गई।

महाराजपुर क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाया गया।

महाराजपुर को नगर पंचायत एवं उपतहसील का दर्जा देने, लहसुन उपमंडी, महाविद्यालय तथा कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल की स्वीकृति प्रदान करने, इंडोर हॉल एवं आधुनिक जिम की व्यवस्था करने तथा किसानों की सुविधा के लिए डबल लॉक केंद्र स्थापित करने की मांग की गई। वहीं रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व से जुड़े ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर भी कांग्रेस ने आवाज उठाई। ज्ञापन में झमारा, रमखिरिया, अर्जुन्दा और पुटदेही सहित ऐसे गांवों के रहवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई, जो विस्थापित नहीं होना चाहते। विस्थापित ग्रामीणों के नए निवास स्थलों पर बीपीएल, संबल, मतदाता सूची, बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। साथ ही टाइगर रिजर्व का मुख्य गेट देवरी विधानसभा क्षेत्र के सिलकुही बैरियर पर बनाए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में निरंदपुर एवं मुडेरी जलाशयों के अधूरे निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा कमलनाथ सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत लखा नाला एवं दोना जलाशय का निर्माण कार्य प्रारंभ करने की मांग भी शामिल रही, ताकि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके। सड़क और बिजली की समस्याओं को लेकर भी कांग्रेस ने शासन का ध्यान आकर्षित किया। महाराजपुर-झमारा मार्ग पर शोल्डर निर्माण, देवरी विधानसभा की सीमा से तारादेही तक जर्जर मार्ग का निर्माण तथा पनारी-निरंदपुर, तीतरपानी-डोभी, महाराजपुर-पिपरियानंदे-डूढ़ाघाट, सगरा-डोभी, डोभी-पथरिया, सगरा-पटना, रसेना-सुना, पथरियादुबे-खैरूआ, बिचुआस्वरूप-छिन्दली एवं जमुनियामोरिया-हनुमान टोला सहित विभिन्न मार्गों के निर्माण की मांग की गई।

हर्ष यादव ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और आमजन को परेशानी हो रही है। बिजली कटौती बंद करने तथा जले हुए ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने की आवश्यकता है। टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बिजली सुविधा से वंचित ग्रामीणों को मिट्टी का तेल उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई। ज्ञापन में महाराजपुर क्षेत्र के विकास को लेकर पिछले तीन वर्षों में उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाते हुए लंबित विकास योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने तथा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं का प्राथमिकता से विस्तार करने की मांग की गई। ग्राम झमारा में करीब दो वर्ष पूर्व स्थापित बीएसएनएल टावर को शीघ्र चालू कराने की मांग भी उठाई गई। *पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस लगातार जनता के बीच रहकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने शासन से मांग की कि ज्ञापन में शामिल सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निराकरण किया जाए। यदि समस्याओं का समयसीमा में समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रीय नागरिकों के साथ गांधीवादी तरीके से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।* कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण सागर अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह मोहासा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी अध्यक्ष आशीष बाबा राजौरिया, महाराजपुर उपब्लॉक अध्यक्ष अमित सिंरवैया, गौरझामर उपब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती जानकी लोधी सहित हरप्रसाद, सिमरा दामोर, ब्यारे, कपिल पाण्डेय, आंचल आठया, बसंत सिंरवैया, राजकुमार लोधी, वीरेन्द्र लोधी, मदन कुर्मी, रामेश्वर कुर्मी, रामेश्वर यादव, हर्ष पटेल, सौरभ नामदेव, नीरज कोष्टी, रोहित स्थापक, कन्नू यादव, साहिल यादव, लखन यादव, तुलाराम मढ़ेले, अनंदी कुर्मी, नंदराम चढ़ार, गोलू यादव, मंजू हर्रया, निर्मल सिमरा, बहादुर लोधी, पवन कुर्मी, पवन चढ़ार, प्रदीप चाचौरिया, आदर्श राजौरिया, हिमांशु राजौरिया, नब्बू सेन, अंकित यादव, राजा यादव, मनीष यादव, ब्रजेश धनन्तर, सोनू यादव सहित बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

 

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *