सागर। मध्यप्रदेश
कैंट थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे मिली महिला की क्षत-विक्षत लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। महिला की हत्या किसी अनजान व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके 62 वर्षीय पति ने ही की थी। पत्नी के चरित्र पर संदेह और दूसरे पुरुषों के साथ घूमने की बात को लेकर आरोपी के मन में नाराजगी थी। इसी शक ने उसे इस कदर हिंसक बना दिया कि उसने पहले पत्नी का गला घोंटा और फिर करीब साढ़े तीन किलो के भारी पत्थर से उसका सिर और चेहरा कुचल दिया।पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को रेलवे गेट नंबर-26 के पास चिरई कॉलोनी में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे एक महिला का शव मिला था। महिला का सिर और चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था, जिससे उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। जांच के दौरान मृतका की पहचान शांतिबाई अहिरवार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।जांच में सामने आया कि शांतिबाई और उसका पति पिछले करीब पांच साल से अलग रह रहे थे। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी को पत्नी के चरित्र पर संदेह था। उसे यह बात भी नागवार गुजरती थी कि उसकी पत्नी दूसरे पुरुषों के साथ घूमती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बना हुआ था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 16 नवंबर की रात करीब 9 से 9:30 बजे वह शांतिबाई को बातचीत करने के बहाने रेलवे गेट नंबर-26 के निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे ले गया था। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पास में पड़े करीब 3.5 किलो वजनी पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए, ताकि उसकी पहचान छिपाई जा सके।
CCTV फुटेज ने खोला राज, पुलिस ने दबोचा
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने जब उसे शव दिखाकर मृतका की पहचान करने को कहा तो उसने शुरुआत में शांतिबाई को पहचानने से इनकार कर दिया। हालांकि, सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया और हत्या करना कबूल कर लिया।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया करीब 3.5 किलो वजनी गोल और चपटा पत्थर जब्त किया है। इस पर खून के निशान मिले हैं। एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते पति ने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की पूछताछ एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

