मध्यप्रदेश –  कांग्रेस में CM की कुर्सी पर घमासान!

मध्यप्रदेश – कांग्रेस में CM की कुर्सी पर घमासान!

मध्यप्रदेश कांग्रेस में CM की कुर्सी पर नजरें! चुनाव अभी दूर, मुख्यमंत्री बनने की दावेदारी शुरू

कमलनाथ कैंप से नकुलनाथ के समर्थन में नारे, अजय सिंह के समर्थकों ने भी ठोकी ताल;

जीतू पटवारी बोले- सामूहिक नेतृत्व में लड़ा जाएगा चुनाव, दिग्विजय सिंह की यात्रा के भी निकाले जा रहे सियासी मायने।

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव अभी लगभग दो साल दूर हैं, लेकिन कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल अभी से तेज हो गई है। दिलचस्प बात यह है कि अभी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी पूरी नहीं हुई, लेकिन मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के समर्थन में नारेबाजी जरूर शुरू हो गई है।राजनीति में इसे महत्वाकांक्षा कहें या समय से पहले शुरू हुई रणनीति, लेकिन कांग्रेस के भीतर जो तस्वीर उभर रही है, वह पार्टी की एकजुटता पर सवाल खड़े करने लगी है।भोपाल में दिवाली मिलन समारोह के बहाने कमलनाथ समर्थक खेमे ने अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश की। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ स्वयं कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे, लेकिन उनके बेटे नकुलनाथ की मौजूदगी ने सियासी चर्चाओं को हवा दे दी। कार्यक्रम के दौरान ‘हमारा सीएम कैसा हो, नकुल भैया जैसा हो’ के नारे सुनाई दिए। इन नारों ने यह संकेत जरूर दे दिया कि कमलनाथ समर्थक खेमा भविष्य की राजनीति में नकुलनाथ को बड़ी भूमिका में देखना चाहता है।

दूसरी तरफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह राहुल भैया भी इस सियासी चर्चा से अछूते नहीं रहे। मैहर में उनके समर्थकों ने ‘प्रदेश का मुखिया कैसा हो, राहुल भैया जैसा हो’ के नारे लगाकर अपनी पसंद जाहिर कर दी। यानी कांग्रेस में अभी से यह मुकाबला दिखाई देने लगा है कि भविष्य में प्रदेश की कमान किसके हाथ में होनी चाहिए।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी लगातार दावा कर रहे हैं कि मध्यप्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी। लेकिन जब उनसे मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सवाल किया जाता है तो उनका जवाब है कि चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ा जाएगा।पटवारी का यह बयान राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। एक तरफ पार्टी सामूहिक नेतृत्व की बात कर रही है, दूसरी तरफ अलग-अलग खेमों में अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारे लग रहे हैं।पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा भी राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में है। यात्रा के दौरान अपने बेटे जयवर्धन सिंह को सिर का साफा पहनाने की घटना को भी राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग नजरिये से देखा जा रहा है। हालांकि इसे जयवर्धन सिंह के राजनीतिक भविष्य से जोड़ना फिलहाल राजनीतिक अटकल ही है, लेकिन मध्यप्रदेश की राजनीति में परिवार और उत्तराधिकार की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है।

असली परीक्षा मुख्यमंत्री बनने की नहीं, चुनाव जीतने की है

कांग्रेस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, बल्कि यह है कि पार्टी सत्ता में वापसी कैसे करेगी? भाजपा के सामने चुनौती पेश करने के लिए कांग्रेस को संगठन मजबूत करना होगा, गुटबाजी से बाहर निकलना होगा और जनता के बीच भरोसा कायम करना होगा। अभी तो तस्वीर यह है कि हर खेमे में अपने नेता को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखने की इच्छा है। लेकिन राजनीति का एक पुराना सच है—मुख्यमंत्री बनने के सपने देखने से पहले विधानसभा की लड़ाई जीतनी पड़ती है। कुर्सी के लिए नारे लगाना आसान है, लेकिन जनता का जनादेश हासिल करना इतना आसान नहीं।

https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

https://www.instagram.com/bharatbhvh_news/

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *