सांदीपनि विद्यालय में राजनीतिक एवं गैर-शैक्षणिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने की मांग

सांदीपनि विद्यालय में राजनीतिक एवं गैर-शैक्षणिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने की मांग

पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने कलेक्टर सागर को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की देवरी।

पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने देवरी स्थित शासकीय सांदीपनि विद्यालय के सभागार का शैक्षणिक सत्र के दौरान राजनीतिक एवं अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग किए जाने पर आपत्ति जताते हुए कलेक्टर सागर को पत्र लिखा है। उन्होंने विद्यालय के सभागार में इस प्रकार के कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने तथा विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की है। हर्ष यादव ने पत्र में उल्लेख किया कि शासकीय सांदीपनि विद्यालय में लगभग 2800 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यालय का निर्माण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। इसके बावजूद विद्यालय के सभागार में आए दिन विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं अन्य बाहरी कार्यक्रम आयोजित किए जाने से विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और गरिमा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करना, उनकी प्रतिभा को निखारना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। इसलिए विद्यालय के सभागार का उपयोग विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अन्य छात्रोपयोगी गतिविधियों के लिए किया जाना चाहिए।

पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि देवरी नगर में सामाजिक एवं अन्य आयोजनों के लिए अनेक मैरिज गार्डन और निजी सभागार उपलब्ध हैं। ऐसे में बाहरी कार्यक्रमों के लिए शैक्षणिक संस्थान के सभागार का उपयोग करने के बजाय वैकल्पिक स्थलों का उपयोग किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। हर्ष यादव ने कलेक्टर से मांग की है कि शैक्षणिक सत्र के दौरान विद्यालय के सभागार में राजनीतिक दलों एवं बाहरी संगठनों के गैर-शैक्षणिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही, बाहरी कार्यक्रमों की अनुमति के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश निर्धारित कर विद्यालय की शैक्षणिक गरिमा, अनुशासन एवं विद्यार्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में गंभीरता से संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

 

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *