छतरपुर में यात्री बस से पटाखों की अवैध ढुलाई का खुलासा, कंडक्टर गिरफ्तार

छतरपुर में यात्री बस से पटाखों की अवैध ढुलाई का खुलासा, कंडक्टर गिरफ्तार

7 बोरों में भरे पटाखे जब्त, बस सहित कुल 20.50 लाख रुपये की सामग्री बरामद; एक आरोपी की तलाश जारी

छतरपुर | भारतभवः न्यूज़

यात्रियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर अधिक कमाई करने का मामला छतरपुर जिले में सामने आया है। लवकुशनगर पुलिस ने सतना जा रही एक यात्री बस की जांच के दौरान उसकी छत पर रखे सात बोरों से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में बस कंडक्टर को गिरफ्तार किया है, जबकि पटाखे बस में रखवाने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति की तलाश की जा रही है।पुलिस के अनुसार, पटाखों और परिवहन में इस्तेमाल की गई बस सहित बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 50 हजार रुपये है।

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर यात्री वाहनों में ज्वलनशील सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में लवकुशनगर पुलिस को सूचना मिली कि लवकुशनगर से सतना जा रही एक यात्री बस में अवैध रूप से पटाखे ले जाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बगमऊ तिगैला स्थित टोल टैक्स प्लाजा के पास बस को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान बस की छत पर रखे सात बोरे मिले। जब इन बोरों को खोलकर देखा गया तो उनमें बड़ी मात्रा में पटाखे भरे हुए थे।

ज्यादा कमाई के लालच में यात्रियों की सुरक्षा से समझौता!

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि बस कंडक्टर इशाक मोहम्मद कथित तौर पर अतिरिक्त भाड़ा कमाने के लिए पटाखों का परिवहन कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। पटाखों के परिवहन में इस्तेमाल की गई यात्री बस को भी जब्त किया गया है।इस घटना ने यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। बस में सफर करने वाले यात्रियों को यह अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि जिस वाहन में वे अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए बैठे हैं, उसी में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री ले जाई जा रही है।कार्रवाई के दौरान बस में बैठे यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस ने उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने की आवश्यक व्यवस्था की।इस मामले में आरोपी इशाक मोहम्मद, पिता अकबर मोहम्मद, निवासी बमीठा तथा बस में पटाखे रखवाने के आरोपी बालकिशन कुशवाहा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। बालकिशन कुशवाहा की तलाश जारी है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और एसडीओपी लवकुशनगर नितेश पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिवेंद्र त्रिवेदी सहित पुलिस टीम ने की।

https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

 

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *