किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का  प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का  प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

देवरी। संतोष विश्वकर्मा

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी के नेतृत्व में पूर्व मंत्री हर्ष यादव के मार्गदर्शन में किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर एसडीएम कार्यालय देवरी के सामने एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। धरना प्रदर्शन में किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में बताया गया कि देवरी विधानसभा क्षेत्र में गेहूं खरीदी में भारी देरी हो रही है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिल पा रहा है, वहीं उपार्जन केंद्रों पर अव्यवस्था, तुलाई में देरी और क्षमता की कमी के कारण किसान परेशान हैं। किसानों ने मांग की कि खरीदी प्रक्रिया को तेज किया जाए और उपार्जन केंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाए ताकि किसानों की उपज समय पर खरीदी जा सके। इसके साथ ही क्षेत्र में पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका है। कई गांवों में हैंडपंप खराब पड़े हैं और जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत योजनाओं में भी भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। किसानों और ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। कांग्रेस ने मांग की कि तत्काल खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराई जाए और जल योजनाओं की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि क्षेत्र में अनियमित विद्युत कटौती से आम नागरिक और किसान दोनों परेशान हैं। खेती कार्यों के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की कि किसानों को 5 हॉर्सपावर तक के कृषि पंपों के लिए निशुल्क और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। फसल बीमा योजना में भी भारी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया। किसानों ने कहा कि बीमा के नाम पर कंपनियां लाभ कमा रही हैं जबकि किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। साथ ही नर्वाई जलाने के मामलों में किसानों पर कार्रवाई न करने की मांग भी उठाई गई जब तक उन्हें वैकल्पिक संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जाते। देवरी नगरपालिका क्षेत्र में सीएमओ की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। नगर में पेयजल, सफाई और विकास कार्यों की स्थिति खराब बताई गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा अधूरे पड़े जलाशय और नहर निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने, किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने, तथा आदिवासी एवं दलित वर्ग को पूर्व में दिए गए पट्टों पर तत्काल कब्जा दिलाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष वावा राजौरिया, सुरेन्द्र सिंह, सतीश राजौरिया, आंचल आठ्या, शुभम शर्मा, सैकी राय, त्रिबेंद्र जाट, कमलेश कोरी, रामेश्वर यादव सहित सैकड़ों की संख्या में किसान साथी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि यदि शीघ्र ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद।

 

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *