हमारे हनुमान ; कुमति निवार सुमति के संगी सनराईज रेसीडेंसी: हनुमान प्राकट्योत्सव
श्री हनुमान प्राकट्योत्सव ने, देश-प्रदेश के साथ शहर के हनुमान मंदिरों में आयोजित कार्यक्रमों में धर्मानुरागियों को आकर्षित किया । तिली रोड स्थित सनराईज रेसीडेंसी कॉलोनी में इस अवसर पर परंपरागत कार्यक्रमों में, विशेष आवाहन,पूजन, अर्चन और हवन, विसर्जन आदि गायत्री साधक श्री सी. एस.नामदेव जी के आचार्यत्व और यजमान श्री कामता प्रसाद सोनी जी दम्पति के संयोजकत्व संपन्न हुए । कॉलोनी में सजाए गए दर्शनीय हनुमान जी सहित राम दरबार को सस्वर भक्ति भाव से सुंदरकांड सुनाया गया और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ हुआ ।
इस अवसर पर कॉलोनी के बच्चों ने रामायण आधारित प्रसंगों पर मोहक, संगीतमय प्रस्तुति दी जिसकी तैयारी श्रीमती श्यामा-संजय तिवारी ने कराई । इस अवसर पर आयोजित महाआरती में कॉलोनी वासी श्रद्धालु बड़ी संख्या में भक्तिभाव के साथ शामिल हुए । देर रात तक चले इन आयोजनों को धर्म आस्था संस्कार के रूप में सराहा गया ।