सागर, 8 अक्टूबर 2026। भारतभवः
दिल्ली में विपक्षी नेताओं के खिलाफ हुई कथित पुलिस कार्रवाई और चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को सागर में विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण ने इसे “भारतीय लोकतंत्र का काला दिवस” बताते हुए पैदल मार्च निकाला और राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कैंट मॉल, सिविल लाइन से पैदल मार्च करते हुए कालीचरण चौराहे तक पहुंचे। प्रदर्शन में कांग्रेस के साथ INDIA गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। हाथों में पार्टी और गठबंधन के बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
विपक्ष पर कार्रवाई को बताया लोकतंत्र पर हमला
प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने 7 अक्टूबर को दिल्ली में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और INDIA गठबंधन के सांसदों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा की। कांग्रेस ने संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई और चुनाव आयोग की निष्पक्षता बहाल करने की मांग उठाई।सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “मोदी सरकार ने लोकतंत्र की सभी सीमाएं पार कर दी हैं। विपक्ष के नेता पर हमला संविधान पर हमला है।”पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैं। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष के बड़े नेता सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की स्थिति को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी की ओर से राजू यादव और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से कामरेड देवेंद्र सिंघई ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। दोनों नेताओं ने इसे केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और विपक्ष की भूमिका से जुड़ा मुद्दा बताया।कांग्रेस के SIR प्रभारी शैलेंद्र तोमर ने मतदाता सूची और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं और चुनाव आयोग की भूमिका पर निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
महिलाओं ने भी लिया हिस्सा
प्रदर्शन में जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष ऋचा सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के माध्यम से चुनाव आयोग के अधिकारियों तक अपना विरोध दर्ज कराने का प्रयास किया।कार्यक्रम का संचालन संगठन महासचिव आशीष ज्योतिषी ने किया, जबकि मीडिया प्रभारी अभिषेक गौर ने आभार व्यक्त किया।प्रदर्शन में कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल और INDIA गठबंधन से जुड़े बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

