हाईवा छोड़ने के एवज में 90 हजार रुपए नकद और 10 हजार ऑनलाइन लेने का दावा
आरटीओ कार्यालय के सामने एजेंट के नोट गिनने का वीडियो वायरल
कैमोर-अमेहटा से पकड़े गए हाईवा के मालिक ने कलेक्टर, एसपी और लोकायुक्त से की शिकायत, ऑनलाइन भुगतान का प्रमाण भी सौंपा
कटनी। जिले के परिवहन विभाग में कथित अवैध वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरटीओ कर्मचारियों पर वाहन छोड़ने के एवज में एक लाख रुपए की जबरिया वसूली कराने के आरोप लगे हैं। मामले में आरटीओ कर्मचारी सुखेंद्र तिवारी और निजी एजेंट जितेंद्र तिवारी की भूमिका को लेकर शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोपों के समर्थन में ऑनलाइन भुगतान का प्रमाण और अन्य साक्ष्य अधिकारियों को सौंपने का दावा किया है। वहीं, आरटीओ कार्यालय के सामने बैठे एक निजी एजेंट के नोट गिनने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहरुआ मंडी रोड कटनी निवासी जयप्रकाश पांडे ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और लोकायुक्त को लिखित शिकायत भेजकर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि उनका हाईवा वाहन क्रमांक CG10BM-3646 बीते 18 नवंबर को कैमोर-अमेहटा रेल फाटक के पास लोडिंग की स्थिति में खड़ा था। इसी दौरान आरटीओ कर्मचारी सुखेंद्र तिवारी अन्य कर्मचारियों के साथ वहां पहुंचे और वाहन को अपने कब्जे में लेकर कटनी आरटीओ कार्यालय ले आए। वाहन छुड़ाने के लिए मांगे एक लाख रुपए शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उन्होंने वाहन छुड़ाने के लिए आरटीओ कार्यालय में संपर्क किया तो कर्मचारी सुखेंद्र तिवारी ने कथित तौर पर सीधे कोई कार्रवाई करने के बजाय एक बिचौलिए के माध्यम से एक लाख रुपए की मांग की। जयप्रकाश पांडे के मुताबिक, उन्होंने किसी तरह पैसों की व्यवस्था की और जब आरटीओ कार्यालय पहुंचे तो सुखेंद्र तिवारी ने उन्हें कार्यालय के सामने बैठने वाले निजी एजेंट जितेंद्र तिवारी से संपर्क करने के लिए कहा। 90 हजार नकद और 10 हजार ऑनलाइन देने का दावा शिकायत में जयप्रकाश पांडे ने आरोप लगाया है कि निजी एजेंट जितेंद्र तिवारी को उन्होंने 90 हजार रुपए नकद और 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इस तरह कथित तौर पर कुल एक लाख रुपए की राशि दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि 10 हजार रुपए ऑनलाइन भुगतान किए जाने का प्रमाण उनके पास मौजूद है, जिसे शिकायत के साथ अधिकारियों को भेजा गया है। मामले में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, निजी एजेंट जितेंद्र तिवारी ने आरटीओ कर्मचारी सुखेंद्र तिवारी से फोन पर बातचीत के दौरान 90 हजार रुपए नकद और 10 हजार रुपए ऑनलाइन मिलने की बात कही थी।
इस कथित बातचीत को भी शिकायतकर्ता ने मामले से जुड़ा महत्वपूर्ण साक्ष्य बताया है। वीडियो वायरल होने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल आरटीओ कार्यालय के सामने एक निजी एजेंट के नोट गिनने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही नकदी का इस शिकायत में लगाए गए आरोपों से सीधा संबंध है या नहीं, इसकी स्वतंत्र पुष्टि और जांच होना बाकी है। लेकिन शिकायत में किए गए भुगतान के दावे और वायरल वीडियो ने परिवहन विभाग में निजी बिचौलियों की भूमिका को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कलेक्टर, एसपी और लोकायुक्त से जांच की मांग शिकायतकर्ता जयप्रकाश पांडे ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कथित वसूली में शामिल कर्मचारियों और निजी एजेंट की भूमिका उजागर करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन, पुलिस और लोकायुक्त इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हैं और परिवहन विभाग में कथित वसूली के इस पूरे नेटवर्क की जांच के लिए क्या कदम उठाते हैं।
फिलहाल इस मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और संबंधित पक्षों का जवाब सामने आना बाकी है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। आरटीओ अधिकारी ने कहा, वायरल वीडियो में कोई हमारा कर्मचारी नहीं इस संबंध में आरटीओ अधिकारी संतोष पाल से संपर्क करने पर उनका है कि वायरल वीडियो में आरटीओ का कोई भी कर्मचारी दिखाई नहीं दे रहा हैl शासन ने ऑनलाइन व्यवस्था कर दी हैl वायरल वीडियो से हमारा कोई लेना-देना नहीं हैl
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

