9 बार के विधायक ने किया संन्यास का ऐलान
रहली। मध्यप्रदेश की राजनीति के वरिष्ठ नेता और रहली से लगातार 9 बार विधायक चुने गए पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित कोपरा सिंचाई परियोजना का काम पूरा होते ही वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। भार्गव के मुताबिक, अब उनके जीवन का एकमात्र राजनीतिक लक्ष्य इस बांध का निर्माण पूरा कराना है, ताकि क्षेत्र के हजारों किसान परिवारों की आर्थिक स्थिति में बदलाव आ सके। भार्गव मंगलवार को रहली विधानसभा क्षेत्र के बलेह में स्वास्थ्य केंद्र भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने संबोधन के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री से जब भी उनकी बातचीत होती है, वे कोपरा सिंचाई परियोजना का मुद्दा जरूर उठाते हैं। बुधवार को उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश के राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गईं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े अधिकांश काम पूरे हो चुके हैं। अब उनके सामने कोई दूसरा बड़ा लक्ष्य नहीं है। कोपरा बांध का निर्माण पूरा कराना ही उनकी अंतिम प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि परियोजना पूरी होने के बाद रहली क्षेत्र के 20 से 25 हजार किसान परिवारों के जीवन में समृद्धि आएगी।उन्होंने कहा कि सिंचाई की सुविधा मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव आएगा और क्षेत्र के किसान भी पंजाब तथा हरियाणा के किसानों की तरह खुशहाल हो सकेंगे।भार्गव के मुताबिक, कोपरा सिंचाई परियोजना से रहली विधानसभा क्षेत्र के रोन-कुमराई से लेकर पथरिया और दमोह क्षेत्र तक के किसानों को लाभ मिलेगा। परियोजना से जुड़ी पहले की बाधाएं भी अब दूर हो चुकी हैं।परियोजना पूरी होने पर 24,686 एकड़ से अधिक जमीन को सिंचाई सुविधा मिलने की संभावना है। इससे रहली विधानसभा क्षेत्र के करीब 28 गांवों के 11,700 किसानों को सीधे तौर पर फायदा पहुंचेगा। भार्गव ने इसे क्षेत्र की तस्वीर और किसानों की तकदीर बदलने वाली परियोजना बताया।
नौ बार चुनाव जीत चुके हैं गोपाल भार्गव
गोपाल भार्गव मध्यप्रदेश की राजनीति के सबसे अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। वे रहली विधानसभा सीट से लगातार नौ बार चुनाव जीतकर विधायक बने हैं। प्रदेश सरकार में वे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और पंचायत एवं ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।अब कोपरा सिंचाई परियोजना पूरी होने के बाद राजनीति छोड़ने के उनके ऐलान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, उनके बयान के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मध्यप्रदेश की राजनीति के इस अनुभवी चेहरे का राजनीतिक सफर वास्तव में कोपरा बांध के पूरा होने के साथ समाप्त हो जाएगा?
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

