यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सीटों का पेंच, 181 के मुकाबले कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर

यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सीटों का पेंच, 181 के मुकाबले कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत सीटों के बंटवारे पर अटकती नजर आ रही है। कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग रखे जाने के बाद समाजवादी पार्टी ने उसे महज 26 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है। सपा के इस प्रस्ताव ने दोनों दलों के बीच सियासी खींचतान बढ़ा दी है। मंगलवार को दिल्ली में लगातार दूसरे दिन दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच बैठक हुई। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर करीब सवा तीन घंटे तक चली इस बातचीत में सपा ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी। खास बात यह है कि इनमें से 16 सीटें ऐसी हैं, जहां 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की जमानत तक जब्त हो गई थी।बैठक के बाद सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि कांग्रेस को 26 सीटें बता दी गई हैं और वह इन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। बातचीत में शामिल सपा सांसद राजीव राय ने भी इसकी पुष्टि की।

हालांकि, सपा के इस प्रस्ताव पर कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने 26 सीटों के ऑफर पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कांग्रेस किसी से भीख नहीं मांग रही है। उनके मुताबिक गठबंधन में इस तरह का प्रस्ताव स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस अब पहले जैसी नहीं रही, बल्कि पहले से काफी मजबूत स्थिति में है।दूसरी ओर, बातचीत में शामिल कांग्रेस के कुछ नेताओं ने नरम रुख अपनाया। प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्र मोना ने कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत अभी जारी है और जल्द ही सीटों के बंटवारे पर सहमति बन सकती है।इस बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी गठबंधन को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि गठबंधन का मकसद चुनाव जीतना है। समाजवादी पार्टी सहयोगी दलों के लिए सीटें छोड़ने और आपसी तालमेल बनाने को तैयार है। यह बड़ी लड़ाई है और सभी दलों का साझा लक्ष्य जीत हासिल करना होना चाहिए।

26 सीटों में कांग्रेस की दो जीती हुई सीटें भी शामिल

सपा की ओर से कांग्रेस को दी गई 26 सीटों की सूची में कई तरह के राजनीतिक समीकरण शामिल हैं। इनमें कांग्रेस की वे दोनों सीटें भी हैं, जहां पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी, जबकि 16 सीटों पर उसके उम्मीदवार जमानत नहीं बचा सके थे।इस सूची में 10 सीटें ऐसी भी हैं, जहां पिछले चुनाव में सपा ने अपने सहयोगी दलों को मैदान में उतारा था। इनमें नौ सीटों पर सपा के साथ समझौते के तहत राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने चुनाव लड़ा था। वहीं, वाराणसी जिले की पिंडरा सीट अपना दल (कमेरावादी) के खाते में गई थी। फिलहाल, सपा और कांग्रेस के बीच बातचीत का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं हुआ है, लेकिन 181 और 26 सीटों के बीच का बड़ा अंतर दोनों दलों के लिए चुनौती बन गया है। अब देखना होगा कि कांग्रेस सपा के प्रस्ताव पर सहमत होती है या सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए दबाव बनाए रखती है।

https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

https://www.instagram.com/bharatbhvh_news/

 

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *