पूर्व मंत्री हर्ष यादव सहित कांग्रेस नेताओं ने उठाए अवैध शराब कारोबार पर सवाल,
प्रशासन ने सभी बिंदुओं पर जांच का दिया आश्वासन; शराब दुकान से लिए गए सैंपल
संतोष विश्वकर्मा –
देवरीकलां (सागर)। सागर जिले में शराब से जुड़ी संदिग्ध मौतों के मामलों के बीच अब देवरी नगर के महाकाली वार्ड निवासी 28 वर्षीय आदिवासी युवक सचिन गौंड की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। युवक की मौत के बाद परिजनों ने जहरीली शराब के सेवन से मौत होने की आशंका जताते हुए अवैध शराब कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मामले को लेकर शुक्रवार को परिजनों और कांग्रेस नेताओं ने शासकीय अस्पताल के समीप मुख्य बायपास मार्ग पर धरना देकर चक्काजाम किया। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता हर्ष यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय बृजपुरिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष गौरव पांडेय, हरीशचंद्र लोधी सहित अन्य कांग्रेस नेता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने युवक की मौत की निष्पक्ष जांच कराने, वास्तविक कारणों का खुलासा करने और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हर्ष यादव ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप धरने के दौरान पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि युवक की संदिग्ध मौत के मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब और कथित जहरीली शराब का कारोबार आम लोगों की जिंदगी के लिए खतरा बनता जा रहा है।
बंडा में शराब से जुड़ी मौतों के बाद अब देवरी में भी ऐसी घटना सामने आना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि सचिन गौंड की मौत के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच हो और यदि जहरीली शराब से मौत की पुष्टि होती है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों एवं अवैध कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। संजय बृजपुरिया और गौरव पांडेय ने भी उठाई आवाज वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय बृजपुरिया ने कहा कि मृतक के परिवार को न्याय मिलना चाहिए और मौत के वास्तविक कारणों का पारदर्शी तरीके से खुलासा होना चाहिए। मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि किसी भी तरह की आशंका और सवालों पर विराम लग सके। वहीं नगर कांग्रेस अध्यक्ष गौरव पांडेय ने कहा कि कांग्रेस द्वारा समय-समय पर ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशीले पदार्थों के कारोबार पर कार्रवाई की मांग उठाई जाती रही है। प्रशासन को पहले भी इन अवैध गतिविधियों के संभावित दुष्परिणामों से अवगत कराया गया था। उन्होंने मांग की कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। एसडीएम ने दिया सभी बिंदुओं पर जांच का आश्वासन चक्काजाम के दौरान देवरी एसडीएम मुन्नोवर खान ने बताया कि मृतक सचिन गौंड के परिजनों द्वारा घटना को लेकर चक्काजाम किया गया था। परिजनों की मांग के अनुसार प्रशासन ने मामले से जुड़े सभी बिंदुओं पर जांच कराने का आश्वासन दिया है। शासन स्तर से तत्काल जो भी संभव सहयोग उपलब्ध कराया जा सकता था, वह भी किया गया है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि फिलहाल युवक की मौत का वास्तविक कारण सामने आना बाकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि मामला आत्महत्या का है या जहरीली शराब के सेवन से मौत हुई है। वास्तविक सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में शराब दुकान पर सैंपलिंग चक्काजाम के दौरान आबकारी विभाग की टीम, देवरी एसडीओपी अरुण उइके, थाना प्रभारी कपिल लक्ष्याकार सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, एसडीओपी एवं आबकारी विभाग की टीम ने देवरी स्थित शराब दुकान पहुंचकर शराब के सैंपल भी लिए, ताकि उनकी जांच कराई जा सके। शराब के सैंपल लिए जाने की कार्रवाई को मामले की जांच की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही शराब की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। जैतपुर डोमा, बंडा के बाद देवरी की घटना से बढ़ी चिंता गौरतलब है कि सागर जिले के जैतपुर डोमा और बंडा में शराब से जुड़ी मौतों के मामले पहले ही चर्चा का विषय बने हुए हैं। अब देवरी में सचिन गौंड की संदिग्ध मौत ने एक बार फिर अवैध शराब की बिक्री और पुलिस-प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पुलिस जांच और शराब के सैंपल की रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मृतक के परिजन अपने बेटे की मौत का वास्तविक कारण जानने और न्याय मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रशासन अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे क्या ठोस कदम उठाता है।
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

