राहुल गांधी का अमेरिका में मोदी सरकार पर हमला, बोले- भारत के युवाओं को नहीं दिख रहा भविष्य

राहुल गांधी का अमेरिका में मोदी सरकार पर हमला, बोले- भारत के युवाओं को नहीं दिख रहा भविष्य

भाजपा ने बताया कांग्रेस नेता की सोच को डिजास्टर

कैलिफोर्निया और कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों से संवाद के दौरान बेरोजगारी, अर्थव्यवस्था, लोकतंत्र और वोट चोरी के मुद्दे उठाए

नितिन नवीन ने विदेश में भारत की छवि खराब करने का लगाया आरोप

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका दौरे के दौरान भारत की आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। अमेरिकी विश्वविद्यालयों में छात्रों और शिक्षाविदों से संवाद करते हुए राहुल ने दावा किया कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की खामियों, लोकतंत्र पर दबाव और मीडिया की स्वतंत्रता जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि भारत के युवाओं में निराशा बढ़ रही है, क्योंकि उन्हें अपने भविष्य की स्पष्ट तस्वीर दिखाई नहीं दे रही है।दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने युवाओं की स्थिति को लेकर कहा कि देश में एक बड़ा वर्ग ऐसा है, जो औपचारिक शिक्षा हासिल करने के बावजूद अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त नहीं है। इनमें मध्यमवर्गीय परिवारों के युवा भी शामिल हैं। राहुल के मुताबिक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की मौजूदा चुनौतियां इस निराशा की प्रमुख वजह हैं।उन्होंने दुनिया के दूसरे देशों में हो रहे आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि आर्थिक संकट से गुजर रहे देशों में लोगों का असंतोष सड़कों पर दिखाई दे रहा है। राहुल ने भारत की आर्थिक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि युवाओं को रोजगार तथा बेहतर अवसरों की उम्मीद नहीं दिख रही है।

यह भी पढ़ें – 

https://bharatbhvh.com/rahul-gandhis-response-to-trolls-shares-an-image-of-shiva-and-parvati/

 

राहुल गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने इसे सामान्य चुनावी प्रक्रिया से अलग बताते हुए अभियान पर हुए खर्च को संदेह के दायरे में रखा।राहुल ने दावा किया कि इस अभियान में जितना पैसा खर्च हुआ, वह शुरुआती अनुमान से 20, 30, 40 या 50 गुना तक अधिक था। उन्होंने सवाल किया कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इस खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है। उनके मुताबिक, अभियान में इस्तेमाल हुए धन को लेकर कई ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाब सामने आने चाहिए। अमेरिकी छात्रों के बीच राहुल गांधी ने भारत में लोकतंत्र की स्थिति, मीडिया पर दबाव और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता जैसे मुद्दे भी उठाए। उन्होंने वोट चोरी के आरोपों का जिक्र करते हुए भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर कीं। राहुल का कहना था कि देश के सामने केवल आर्थिक चुनौतियां ही नहीं हैं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े सवाल भी महत्वपूर्ण हैं।

भाजपा का पलटवार, कहा- भारत नहीं राहुल गांधी की सोच डिजास्टर

राहुल गांधी के अमेरिका में दिए गए बयानों पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने जालंधर में राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे विदेश जाकर भारत की छवि खराब करने का काम करते हैं।नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी भारत की अर्थव्यवस्था को डिजास्टर बताते हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि भारत नहीं, बल्कि राहुल गांधी की सोच डिजास्टर है।राहुल गांधी के अमेरिका दौरे में दिए गए बयानों ने एक बार फिर भारतीय राजनीति में सत्ता और विपक्ष के बीच टकराव को तेज कर दिया है। विपक्ष जहां बेरोजगारी, आर्थिक असमानता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्थिति को लेकर सरकार को घेर रहा है, वहीं भाजपा का आरोप है कि राहुल अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

https://www.instagram.com/bharatbhvh_news/

 

 

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *