जहरीली शराब से 37 मौतों के बाद प्रशासन का बड़ा कदम, दो दिन में 144 लोगों के ब्लड सैंपल लिए; गंभीर बीमारी और नशे की हालत में नहीं मिलेगी शराब
सागर। जिले में शराब से जुड़ी संदिग्ध मौतों के बाद जिला प्रशासन ने शराब पीने वालों की सेहत को लेकर एक नई पहल शुरू की है। अब शराब खरीदने दुकान पहुंचने वाले आदतन शराबियों का पहले मेडिकल चेकअप किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें शराब दुकानों पर पहुंचकर उनके ब्लड सैंपल ले रही हैं। जांच के आधार पर जरूरतमंदों को दवाइयां और मल्टीविटामिन भी दिए जा रहे हैं।यह व्यवस्था बंडा में जहरीली शराब से 37 लोगों की मौत और जिले के अन्य क्षेत्रों में शराब के सेवन से हुई संदिग्ध मौतों के बाद शुरू की गई है। प्रशासन का उद्देश्य शराब के आदी लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समय रहते पता लगाना और उन्हें इलाज के लिए प्रेरित करना है।
300 आदतन शराबियों की सूची तैयार
प्रशासन ने शराब ठेकेदारों को दुकानों पर नियमित रूप से आने वाले आदतन शराबियों की पहचान करने के निर्देश दिए थे। ठेकेदारों से ऐसे लोगों के नाम और पते जुटाकर आबकारी विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया था। अब तक करीब 300 लोगों की सूची तैयार हो चुकी है। शेष लोगों की पहचान का काम भी जारी है।
दो दिन में 144 लोगों की जांच
रविवार और सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमें सागर, बंडा, देवरी, खुरई और बीना सहित जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में शराब दुकानों पर पहुंचीं। यहां चिह्नित शराबियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर 144 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, करीब 10 दिन बाद मेडिकल टीमें इन लोगों का दोबारा परीक्षण करेंगी। जांच रिपोर्ट में किसी गंभीर बीमारी के संकेत मिलने पर संबंधित व्यक्ति का इलाज शुरू किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उसके परिवार की काउंसलिंग भी की जाएगी। टीमें चिह्नित लोगों के घर जाकर भी स्वास्थ्य जांच कर रही हैं और परिजनों को शराब के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रही हैं।
लीवर और किडनी की जांच, नशे में होने पर नहीं मिलेगी शराब
मेडिकल टीमें शराब पीने वालों के लीवर और किडनी की स्थिति का भी परीक्षण कर रही हैं। डॉक्टर उन्हें खाली पेट शराब नहीं पीने, संतुलित और पौष्टिक भोजन करने तथा स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दे रहे हैं।
प्रशासन ने शराब दुकानों पर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बीमार व्यक्तियों और अत्यधिक नशे की हालत में दुकान पहुंचने वालों को शराब नहीं बेची जाए। इस पहल के जरिए प्रशासन शराब के सेवन से होने वाली बीमारियों और मौतों पर अंकुश लगाने के साथ ही आदतन शराबियों को इलाज और जागरूकता से जोड़ने की कोशिश कर रहा है।
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर राज्य के नाम को लेकर बहस तेज…
लखनऊ । भारतभवः उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच…
भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती मिलने जा…
योगगुरु स्वामी रामदेव ने एक कार्यक्रम के दौरान बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण…
अर्धनारीश्वर की तस्वीर के जरिए दिया वैचारिक संदेश लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने…
कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य और आबकारी विभाग का संयुक्त अभियान, घर पहुंचकर की जा…