लखनऊ । भारतभवः
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत शुरू हो गई है। हालांकि, दोनों दलों के बीच हुई पहली बैठक ज्यादा देर नहीं चली और आधे घंटे से भी कम समय में समाप्त हो गई। दिल्ली में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई इस बैठक में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 55 सीटों की पहली सूची सौंपी। इन सीटों पर कांग्रेस किसी भी सूरत में चुनाव लड़ना चाहती है।बैठक के बाद दोनों दलों के नेताओं ने बातचीत को सकारात्मक बताते हुए अगले दो से तीन दिनों में सीटों का बंटवारा अंतिम रूप देने की उम्मीद जताई। अब मंगलवार को दोनों दलों के प्रतिनिधि एक बार फिर आमने-सामने बैठेंगे। इस बैठक में शेष सीटों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
प्रियंका की जगह अजय माकन संभाल रहे कांग्रेस की कमान
सीट बंटवारे की बातचीत में समाजवादी पार्टी की ओर से राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव नेतृत्व कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा के बातचीत में शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन अब उनकी जगह अजय माकन को जिम्मेदारी सौंपी गई है।सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों को तीन श्रेणियों- ए, बी और सी में बांटकर अपनी रणनीति तैयार की है। बी श्रेणी में वे सीटें रखी गई हैं, जहां कांग्रेस का पिछले चुनावों में प्रदर्शन बेहतर रहा है। वहीं, सी श्रेणी में ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां जातीय और सामाजिक समीकरणों के आधार पर पार्टी को जीत की संभावना नजर आती है। बताया जा रहा है कि बी श्रेणी में करीब 55 और सी श्रेणी में लगभग 70 सीटें हैं। कांग्रेस ने पहले चरण में अपनी मजबूत दावेदारी वाली 55 सीटों की सूची सपा को सौंपी है। मंगलवार को बाकी सीटों पर बातचीत होगी, जबकि बुधवार को सभी सीटों पर सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी।
सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच चल रही बातचीत का अंतिम फैसला सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगे। यानी निचले स्तर पर सहमति बनने के बाद गठबंधन के शीर्ष नेता सीटों के अंतिम बंटवारे पर मुहर लगाएंगे।बैठक के बाद रामगोपाल यादव ने कहा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात सुनी है। गठबंधन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि दो से तीन दिनों में पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी और मंगलवार को बातचीत का अगला दौर होगा।
वहीं, कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा काफी परेशान है और आने वाले दिनों में उसकी परेशानी और बढ़ने वाली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने भी बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बात रखी है और एक-दूसरे के प्रति विश्वास कायम है। नेतृत्व स्तर पर भी लगातार बातचीत चल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले तीन-चार दिनों में सीट बंटवारे की पूरी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।अब नजर मंगलवार की बैठक पर है। देखना होगा कि कांग्रेस की 55 सीटों वाली पहली मांग पर सपा कितना सहमत होती है और दोनों दल किस फॉर्मूले के तहत चुनावी गठबंधन को अंतिम रूप देते हैं।
भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती मिलने जा…
योगगुरु स्वामी रामदेव ने एक कार्यक्रम के दौरान बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण…
अर्धनारीश्वर की तस्वीर के जरिए दिया वैचारिक संदेश लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने…
कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य और आबकारी विभाग का संयुक्त अभियान, घर पहुंचकर की जा…
54 फीसदी नियुक्तियां एक ही समाज से होने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, सोशल मीडिया…
21 नवंबर 2026 को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर…