सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना पर घिरी विजय सरकार, त्योहार बीतने के बाद मांगी माफी

सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना पर घिरी विजय सरकार, त्योहार बीतने के बाद मांगी माफी

मदुरै में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर विवाद,

कलेक्टर ने हलफनामे में मंदिर प्रशासन पर लगाया रोकने का आरोप;

याचिकाकर्ताओं ने अधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग की

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम के अवसर पर दीप जलाने के विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निशाने पर है। आरोप है कि सरकार ने शीर्ष अदालत के स्पष्ट आदेश के बावजूद हिंदू श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर स्थित दीपथून (पत्थर के स्तंभ) पर दीप जलाने की अनुमति नहीं दी। हैरानी की बात यह है कि त्योहार गुजर जाने के एक दिन बाद सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से माफी मांग ली।मदुरै के कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में दावा किया है कि प्रशासन ने दीपथून पर दीप जलाने की कोशिश की थी, लेकिन मंदिर प्रशासन ने इसका विरोध किया। सरकार के मुताबिक, देवस्थानम प्रशासन का तर्क था कि दीपथून पर दीप जलाना मंदिर की स्थापित परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों के खिलाफ है। इसी वजह से दीप केवल उचि पिल्लैयार मंदिर के पास निर्धारित पारंपरिक स्थान पर जलाया गया।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में सरकार और पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। आरोप है कि दीप जलाने की मांग कर रहे श्रद्धालुओं को पुलिस ने बल प्रयोग कर रोका। प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया और कई लोगों को हिरासत में लिया गया।

20 नवंबर को दिया था सुप्रीम कोर्ट ने आदेश

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अपने आदेश में स्पष्ट किया था कि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी स्थित दीपथून पर दीप जलाया जाएगा। इसके बावजूद आदेश का पालन नहीं होने पर याचिकाकर्ताओं ने राज्य सरकार और प्रशासन पर जानबूझकर अदालत के निर्देशों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।याचिकाकर्ता राम रविकुमार की ओर से पेश वकीलों ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की मांग की। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इसके लिए औपचारिक अवमानना याचिका दाखिल की जाए। याचिका आने के बाद अदालत उचित आदेश पारित करेगी।

प्रदर्शन करने पर 300 लोगों पर केस

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दीप नहीं जलाने देने के विरोध में मंगलवार को भाजपा और हिंदू संगठनों ने तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन किया। इन प्रदर्शनों के दौरान करीब 300 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए।रामनाथपुरम में हिंदू फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। वहीं, पोल्लाची में हिंदू मुन्नानी के सदस्यों ने भी सरकार के फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।इस पूरे विवाद ने तमिलनाडु में धार्मिक परंपराओं, प्रशासनिक फैसलों और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के पालन को लेकर नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि औपचारिक अवमानना याचिका दाखिल होने के बाद सुप्रीम कोर्ट क्या रुख अपनाता है।

https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

https://www.instagram.com/bharatbhvh_news/

Share this...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *