बंडा के सेमरा रामचंद्र गांव की घटना, दोनों मृतकों ने गुरुवार को पी थी डीसीआर की शराब; सैंपल जांच के लिए भेजे गए
मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक बार फिर शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। बंडा क्षेत्र के ग्राम सेमरा रामचंद्र में दो लोगों ने गुरुवार को डीसीआर की लाल मसाला शराब पी थी। इसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से एक ने घर पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।मृतकों की पहचान कमलेश पिता नारायण लोधी (45) और चंद्रभान पिता मुलायम सिंह (42) के रूप में हुई है। एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया के मुताबिक, दोनों पहले से बीमार थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कमलेश को पाइल्स की शिकायत थी और उसे लगातार खून का रिसाव हो रहा था। इसके बावजूद वह नियमित रूप से शराब पीता था। गुरुवार को शराब पीने के बाद रात में उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।दो लोगों की मौत की सूचना मिलते ही आबकारी विभाग की टीम गांव पहुंची और मृतकों के घरों के आसपास जांच की। इस दौरान शराब के खाली क्वार्टर मिले, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया है। शराब के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बंडा में पहले भी जहरीली शराब से हो चुकी हैं 36 से ज्यादा मौतें
बंडा क्षेत्र में शराब से मौतों का मामला पहले भी गंभीर रूप ले चुका है। इससे पहले जहरीली शराब के सेवन से इलाके में 36 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। उस मामले में पुलिस ने 52 लोगों को आरोपी बनाया था। मास्टरमाइंड, ठेकेदार और सप्लायर सहित 34 आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। अब एक बार फिर दो लोगों की मौत के बाद शराब की गुणवत्ता और उसकी आपूर्ति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

