रक्षा मंत्री से भेंट के बाद बीना–कटनी रेल सेक्शन के समपार-25 पर लंबित आरओबी निर्माण हेतु रक्षा भूमि हस्तांतरण को तत्काल स्वीकृति, एक साल से अटकी परियोजना के निर्माण का रास्ता साफ
सागर गत दिवस सागर लोकसभा क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित बीना–कटनी रेलवे सेक्शन के समपार-क्रमांक 25 पर प्रस्तावित आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) निर्माण कार्य को लेकर सागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी से सौजन्य भेंट कर उन्हें इस महत्वपूर्ण परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए सांसद ने बताया कि यह आरओबी सागर शहर और सदर कैंट क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक है, लेकिन रक्षा मंत्रालय की भूमि से जुड़ा मामला होने के कारण परियोजना बीते एक वर्ष से अधिक समय से लंबित है, सांसद डॉ. वानखेड़े ने रक्षा मंत्री को जानकारी दी कि लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण संभाग सागर द्वारा इस आरओबी के निर्माण कार्य का अनुबंध 3 मार्च 2024 को किया जा चुका है, परंतु परियोजना रक्षा भूमि पर प्रस्तावित होने के कारण भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा था। लंबे समय से स्वीकृति न मिलने के कारण न केवल निर्माण कार्य रुका है, बल्कि लागत में बढ़ोतरी की आशंका भी लगातार बनी हुई है, इसलिए विभाग द्वारा लगभग एक वर्ष से अधिक समय से रक्षा मंत्रालय की अनुमति की प्रतीक्षा की जा रही है। इस विषय की गंभीरता को समझते हुए माननीय रक्षा मंत्री जी ने इसे महत्वपूर्ण मानकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और रक्षा भूमि के हस्तांतरण हेतु तुरंत स्वीकृति प्रदान करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस निर्णय से बीते एक वर्ष से अधिक समय से अटकी हुई परियोजना को अब नई गति मिलेगी। रक्षा मंत्री द्वारा लिए गए इस निर्णय पर सागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस स्वीकृति से आरओबी निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा, इसके लिए उन्होंने माननीय रक्षा मंत्री जी का आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि बीना–कटनी रेलवे सेक्शन पर स्थित समपार क्रमांक 25 सागर शहर और सदर-कैंट क्षेत्र के निवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कचहरी, स्कूल, कॉलेज और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। रेलवे स्टेशन के नजदीक होने के कारण रेल फाटकों के बंद रहने से यह मार्ग बार-बार अवरुद्ध हो जाता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आरओबी का निर्माण हो जाने से रेल फाटक बंद होने की समस्या से मुक्ति मिलेगी और यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकेगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि सागर शहर और सदर कैंट क्षेत्र के बीच आवागमन भी कहीं अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा।
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद।

