2051 तक राज्यों के बीच सीटों का अनुपात नहीं बदलेगा; महिला आरक्षण लागू होने पर लोकसभा में 14-15 और विधानसभा में 115 महिलाओं को मिल सकता है प्रतिनिधित्व
भोपाल। देश में लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार की नई पहल मध्य प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर बदल सकती है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 27 नवंबर को परिसीमन से जुड़े संशोधित संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। इसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने और वर्ष 2051 तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने का प्रस्ताव है। इस प्रस्ताव के लागू होने पर मध्य प्रदेश में लोकसभा की वर्तमान 29 सीटें बढ़कर 43 या 44 हो सकती हैं। हालांकि, अंतिम संख्या विधेयक के प्रावधानों और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। गौरतलब है कि वर्ष 2008 में हुए पिछले परिसीमन में मध्य प्रदेश की लोकसभा सीटों की कुल संख्या में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी। प्रदेश के संसदीय नक्शे में जरूर बदलाव हुआ था। तीन पुरानी सीटें समाप्त हुईं और उनके स्थान पर तीन नई सीटें अस्तित्व में आईं। इस बार प्रस्तावित बदलाव केवल निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सांसदों की संख्या भी बढ़ सकती है।
मध्य प्रदेश में फिलहाल लोकसभा की 29 सीटें हैं। प्रस्तावित 50 प्रतिशत वृद्धि के फॉर्मूले के अनुसार इनमें 14.5 सीटों की बढ़ोतरी होगी। इस गणना के आधार पर प्रदेश में सीटों की संख्या 43 या 44 हो सकती है। आधी सीट का प्रावधान नहीं होने के कारण अंतिम संख्या तय करने के लिए विधायी व्यवस्था जरूरी होगी। इस प्रस्ताव का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि वर्ष 2051 तक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात नहीं बदलेगा। यानी सभी राज्यों की सीटें समान अनुपात में बढ़ेंगी, लेकिन लोकसभा में उनकी हिस्सेदारी लगभग पहले जैसी ही बनी रहेगी। वर्तमान व्यवस्था में मध्य प्रदेश की लोकसभा में हिस्सेदारी करीब 5.34 प्रतिशत है। नई व्यवस्था में भी यह अनुपात लगभग इतना ही रहने का अनुमान है। मध्य प्रदेश के लिहाज से इस प्रस्ताव का सबसे अहम सवाल आबादी और संसदीय प्रतिनिधित्व के बीच का अंतर है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार देश की कुल आबादी में मध्य प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 6 प्रतिशत थी, जबकि लोकसभा में प्रदेश को लगभग 5.34 प्रतिशत सीटें मिली हुई हैं। इसका मतलब है कि देश में एक सांसद औसतन करीब 22 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करता है, जबकि मध्य प्रदेश में यह आंकड़ा लगभग 25 लाख है। सीटों की संख्या बढ़ने के बावजूद यदि राज्यों के बीच अनुपात नहीं बदला तो यह अंतर भी 2051 तक बने रहने की संभावना है। परिसीमन को लेकर अप्रैल में सामने आए प्रस्ताव और अब मंजूर किए गए संशोधित प्रस्ताव में बड़ा अंतर है।
परिसीमन की चर्चा के बीच विधानसभा सीटों में भी 50 प्रतिशत वृद्धि की संभावनाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, विधानसभा सीटें बढ़ाने का आधिकारिक प्रावधान अभी स्पष्ट नहीं है।यदि यही फॉर्मूला विधानसभा पर भी लागू हुआ तो मध्य प्रदेश की मौजूदा 230 सीटें बढ़कर 345 हो सकती हैं। यह संख्या प्रदेश के राजनीतिक इतिहास के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगी। वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ के गठन से पहले संयुक्त मध्य प्रदेश में 320 विधानसभा सीटें और 40 लोकसभा सीटें थीं। ऐसे में प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने पर मध्य प्रदेश की विधानसभा का आकार अविभाजित मध्य प्रदेश के विधानसभा आकार से भी बड़ा हो जाएगा।
परिसीमन की प्रक्रिया में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों का निर्धारण भी महत्वपूर्ण मुद्दा रहेगा। वर्तमान में मध्य प्रदेश विधानसभा की 230 सीटों में से 35 सीटें अनुसूचित जाति और 47 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। वहीं लोकसभा की 29 सीटों में 4 SC और 6 ST वर्ग के लिए आरक्षित हैं। इन सीटों का निर्धारण संबंधित वर्गों की आबादी के अनुपात के आधार पर होता है। पिछले परिसीमन में विधानसभा की ST आरक्षित सीटें 41 से बढ़कर 47 और SC सीटें 34 से बढ़कर 35 हुई थीं। इस बार यदि परिसीमन की प्रक्रिया जनगणना के सामान्य आधार से अलग होती है तो SC-ST आरक्षित सीटों का नया अनुपात किस आंकड़े के आधार पर तय किया जाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मध्य प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव वर्ष 2028 के आखिर में प्रस्तावित है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या नई परिसीमन व्यवस्था उस चुनाव से पहले लागू हो पाएगी? फिलहाल इसकी समय-सीमा स्पष्ट नहीं है। यदि प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हुई तो 2028 का विधानसभा चुनाव मौजूदा 230 सीटों पर ही हो सकता है।
परिसीमन और महिला आरक्षण का एक साथ लागू होना प्रदेश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाला बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। यदि लोकसभा में मध्य प्रदेश की सीटें बढ़कर 43-44 होती हैं तो 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के हिसाब से करीब 14-15 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। इसी तरह विधानसभा की सीटें बढ़कर 345 होने पर महिलाओं के लिए लगभग 115 सीटें आरक्षित हो सकती हैं। यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि मध्य प्रदेश विधानसभा में अब तक महिलाओं का प्रतिनिधित्व सीमित रहा है। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक 30 महिलाएं जीतकर विधानसभा पहुंची थीं, जो कुल सीटों का करीब 13 प्रतिशत था। वर्तमान विधानसभा में भी 230 विधायकों में केवल 27 महिलाएं हैं।
https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1
⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।
मध्यप्रदेश में अगले साल जून-जुलाई में प्रस्तावित पंचायत चुनावों पर टलने के बादल मंडराने लगे…
2029 से महिलाओं को मिलेगा 33% आरक्षण कैबिनेट ने संविधान संशोधन विधेयक को दी मंजूरी;…
लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत होगा आयोजन, मोतीनगर से शुरू होकर नमक मंडी पहुंचेगी…
हर विधानसभा में तैनात किए सेवा दूत; 25 दिन तक जनता की नब्ज टटोलेंगे मध्यप्रदेश…
केंद्र सरकार ने आखिरकार संसद का विशेष सत्र बुलाने का फैसला कर लिया है। मानसून…
चेन्नई के उद्योगपति वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने आज (26 नवंबर 2026)…