शिक्षा

गौर जयंती पर जुटे जनप्रतिनिधि, डॉ. गौर को भारत रत्न दिलाने का लिया संकल्प

विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में आयोजित हुआ मुख्य समारोह, तीन बत्ती से निकली शोभा यात्रा

सागर । डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के संस्थापक महान शिक्षाविद् एवं प्रख्यात विधिवेत्ता, संविधान सभा के सदस्य एवं दानवीर डॉ. सर हरीसिंह गौर के 157वें जन्म दिवस 26 नवम्बर को प्रातः 8.30 बजे शहर के तीनबत्ती पर कुलपति प्रो. नागेश दुबे द्वारा गौर मूर्ति पर माल्यार्पण कर उद्बोधन दिया गया । उद्बोधन के पश्चात् परम्परानुसार गौर शोभा यात्रा प्रारम्भ हुई। बैंड बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा गौर अध्ययन केन्द्र एवं गौर जन्म स्थली होकर मुख्य मार्ग से विश्वविद्यालय परिसर स्थित गौर मूर्ति से गौर समाधि प्रांगण तक पहुंची। अतिथियों ने गौर मूर्ति पर माल्यार्पण किया एवं गौर समाधि पहुँच कर पुष्पांजलि अर्पित की। एनसीसी विद्यार्थियों द्वारा गार्ड ऑफ़ आनर दिया गया । शहर के नागरिक, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और आमजन इस शोभायात्रा का हिस्सा बने । शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ ।

विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में आयोजित हुआ मुख्य समारोह

विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा डॉ. गौर के चित्र पर पुष्प अर्पण के साथ मुख्य समारोह प्रारम्भ हुआ। संगीत विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी गई । कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं पूर्व आईपीएस श्री कन्हैया लाल बेरवाल ने की एवं सारस्वत उद्‌बोधन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने दिया । इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्रालय, मध्य प्रदेश शासन के माननीय कैबिनेट मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, विशिष्ट अतिथि के रूप में सागर लोकसभा क्षेत्र की माननीया सांसद डॉ. लता वानखेड़े, माननीय सांसद राज्यसभा श्री रजनीश अग्रवाल, सागर शहर के माननीय विधायक श्री शैलेन्द्र जैन, सागर की माननीया महापौर श्रीमती संगीता तिवारी एवं जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर के माननीय कुलपति प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत मौजूद थे । इस अवसर पर भाजपा सागर के जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष श्री वृन्दावन अहिरवार, विवि के कुलसचिव डॉ. सत्य प्रकाश उपाध्याय, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. डी. के. नेमा, समन्वयक प्रो. यू. के पाटिल, मंचासीन रहे। गौर जयंती के मुख्य समन्वयक प्रो. आशीष वर्मा ने स्वागत भाषण दिया और एक सप्ताह तक चले गौर उत्सव-2026 के विभिन्न कार्यक्रमों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया ।

डॉ. गौर ने यदि विश्वविद्यालय स्थापना का सपना नहीं देखा होता तो आज हम सभी यहां नहीं होते- गोविन्द सिंह राजपूत

मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए कहा कि उस समय युवा छात्र गौर समिति बनाई गई थी और घर-घर जाकर दीप जलाए जाते थे। डॉ. गौर ने यदि विश्वविद्यालय स्थापना का सपना नहीं देखा होता तो आज हम सभी यहां नहीं होते। उन्होंने कहा कि डॉ. गौर शनिचरी के एक छोटे से मकान से निकलकर जिस मुकाम तक पहुंचे, वह कल्पना से परे है। उन्होंने अपने विश्वविद्यालय के विद्यार्थी और छात्रावास में रहने के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उस दौर में छात्रावासों में पंखे तक नहीं हुआ करते थे। आज विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए अनेक सुविधाएँ मौजूद हैं । विद्यार्थियों को डॉ. गौर से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहिए ।

विश्वविद्यालय की रैंकिंग बेहतर बनाने में शिक्षकों और विद्यार्थियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण- कुलाधिपति

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कन्हैया लाल बेरवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय की रैंकिंग बेहतर बनाने में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सामान्य परिवार से निकलकर डॉ. गौर कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय तक पहुंचे, जो युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज के विद्यार्थी डॉ. गौर को आदर्श मानकर अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ें और विश्व स्तर पर सागर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाएं।

संविधान निर्माण में डॉ. गौर का योगदान अतुलनीय है- सांसद रजनीश अग्रवाल

राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने सभी को गौर जयंती और संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए खुशी और गौरव का दिन है। उन्होंने संविधान की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. गौर संविधान सभा के उपसभापति रहे और संविधान निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। डॉ. गौर द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय बुंदेलखंड, मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण का केंद्र है। विश्वविद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को देखते हुए यह विश्वास व्यक्त किया जा सकता है कि जल्द ही यह विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के फॉरेंसिक और फार्मेसी विभागों का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से प्रस्ताव आने पर उनका पूरा सहयोग रहेगा और इन प्रस्तावों को गृह मंत्री एवं प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

डॉ. गौर को भारत रत्न दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास हों- सांसद डॉ. लता वानखेड़े

सागर लोकसभा सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने डॉ. गौर की जन्मजयंती पर सभी का अभिनंदन करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि लाखों विद्यार्थियों के भविष्य का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. गौर ने अपनी जीवनभर की मेहनत और पूरी कमाई विश्वविद्यालय की स्थापना में लगा दी, जिससे विद्यार्थियों के लिए भविष्य के द्वार खुल सके। यह विश्वविद्यालय सागर की आत्मा है। उन्होंने डॉ. गौर को भारत रत्न दिलाने के लिए सभी से एकजुट होकर प्रयास करने और दृढ़ संकल्प लेने का आह्वान किया।

दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम ही सफलता के मूल मंत्र- कुलपति प्रो. नागेश दुबे

कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने डॉ. गौर की जीवनी और उनके योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि डॉ. गौर का जीवन संघर्ष, साधना और उपलब्धियों की ऐसी प्रेरणादायी गाथा है, जो हमें यह विश्वास दिलाती है कि सीमित संसाधन कभी भी किसी महान लक्ष्य की प्राप्ति में बाधा नहीं बन सकते, यदि व्यक्ति के भीतर दृढ़ इच्छाशक्ति, ज्ञान के प्रति समर्पण और कर्म के प्रति निष्ठा हो। अत्यंत साधारण परिस्थितियों में अपने जीवन की यात्रा प्रारंभ करने वाले डॉ. गौर ने अपनी प्रतिभा, लगन और परिश्रम के बल पर शिक्षा, विधि, समाज सुधार और राष्ट्रनिर्माण के क्षेत्र में असाधारण ऊँचाइयाँ प्राप्त कीं। डॉ. गौर का जीवन हमें सिखाता है कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के बल पर सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। 18 जुलाई, 1946 को स्थापित यह विश्वविद्यालय डॉ. गौर की उदारता, त्याग, दूरदर्शिता और शिक्षा के प्रति उनके अथाह समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हम विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों की बेहतर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संलग्नता के साथ अपने विद्यार्थियों में संवेदनशील बौद्धिकता, संस्कारित अनुशासन, लोकतांत्रिक चेतना, वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सक्षम के साथ उच्चतम मानवीय मूल्यों से युक्त नागरिक बनाने की दिशा में विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रहे हैं । इसी क्रम मेंउन्होंने विश्वविद्यालय की के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न प्रगति सम्बन्धी कार्यों के बारे में भी विस्तार पूर्वक बताया। प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने महामनीषी एवं महादानी डॉ. गौर के चरणों में नमन करते हुए डॉ. गौर की भूमि पर गौर अतिथि के रूप में उपस्थित होने को अपना सबसे बड़ा सौभाग्य बताया। जीवाजी विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध महाविद्यालयों के लगभग साढ़े तीन लाख विद्यार्थियों की ओर से समारोह में उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान की ऊष्मा बांटने से बढ़ती है और विद्यार्थी ज्ञान अर्जित कर अपने व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। कुलसचिव डॉ. एस. पी. उपाध्याय ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. गौर बुंदेलखंड में शिक्षा के सृजनकर्ता थे। उन्होंने कहा कि समारोह में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को जल्द ही संबंधित स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिथियों की उपस्थिति डॉ. गौर के चरणों में सच्ची श्रद्धांजलि है।

अतिथियों ने किया पुस्तकों का विमोचन, पुरस्कार वितरण और मेधावी छात्रों को पुरस्कृत

मंचासीन अतिथियों द्वारा विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा लिखित पुस्तकों, लायर्स हेण्ड बुक एवं मध्य भारती शोध पत्रिका का विमोचन किया गया । विभिन्न दान दाताओं द्वारा प्रदत्त राशियों से विभिन्न विभाग कक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को मंचासीन अतिथियों द्वारा पदक एवं राशि प्रदान की गई । संचार एवं पत्रकारिता विभाग के प्रायोगिक पत्र ‘समय’ का भी विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया ।

विश्व के सर्वश्रेष्ठ 2% वैज्ञानिकों का भी हुआ सम्मान इस अवसर पर विश्व के सर्वश्रेष्ठ दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल विश्वविद्यालय के शिक्षकों का सम्मान किया गया । यूजी-पीजी के सिंगल गर्ल चाइल्ड और दिव्यांग श्रेणी के मेधावी विद्यार्थियों को गौर पीठ से मिली 15000 रूपये की प्रोत्साहन राशि गौर पीठ के तहत प्राप्त दान राशि से सिंगल गर्ल चाइल्ड और दिव्यांग श्रेणी में स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के एक-एक मेधावी विद्यार्थियों को अध्ययन जारी रखने हेतु आर्थिक सहायता के रूप में पंद्रह हजार रूपये एक मुश्त राशि प्रदान की गई ।

संविधान की उद्देशिका का हुआ वाचन

संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की उद्देशिका का वाचन करते हुए कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने संविधान के प्रति आस्थावान रहने की शपथ दिलाई । कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशि कुमार सिंह एवं डॉ. शालिनी चोइथरानी ने किया । इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक, अधिकारी, शहर के गणमान्य नागरिक, जन प्रतिनिधि, जिला प्रशासन, विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं पत्रकारगण उपस्थित थे ।

https://www.youtube.com/c/BharatbhvhTV?sub_confirmation=1

⇑ वीडियो समाचारों से जुड़ने के लिए  कृपया हमारे चैनल को सबस्क्राईब करें , धन्यवाद ।

https://www.instagram.com/bharatbhvh_news/

Share this...
bharatbhvh

Recent Posts

तिरुपति मंदिर में जैन परिवार का महादान

चेन्नई के उद्योगपति वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने आज (26 नवंबर 2026)…

1 hour ago

आरटीओ के नाम पर एक लाख की वसूली! कर्मचारी और निजी एजेंट पर गंभीर आरोप

हाईवा छोड़ने के एवज में 90 हजार रुपए नकद और 10 हजार ऑनलाइन लेने का…

2 hours ago

सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना पर घिरी विजय सरकार, त्योहार बीतने के बाद मांगी माफी

मदुरै में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर विवाद, कलेक्टर ने हलफनामे में मंदिर…

9 hours ago

मध्यप्रदेश कोपरा बांध पूरा होते ही राजनीति को अलविदा कह देंगे गोपाल भार्गव

 9 बार के विधायक ने किया संन्यास का ऐलान रहली। मध्यप्रदेश की राजनीति के वरिष्ठ…

1 day ago

यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सीटों का पेंच, 181 के मुकाबले कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत सीटों के बंटवारे…

1 day ago